
सुबह होते ही गुल हो रही बिजली, तीन दिन से लगातार कटौती से ग्रामीण परेशान
बलौदा बाजार। ग्राम पंचायत भरसेली और आश्रित ग्राम छुईहा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। हैरानी की बात यह है कि न बारिश हो रही है और न ही तेज हवा चल रही है, इसके बावजूद सुबह होते ही बिजली बंद हो जा रही है। बिजली कटौती का कारण क्या है, इसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक पहले दो दिनों तक सुबह करीब 9 बजे बिजली बंद हुई और दोपहर 12.30 बजे के आसपास आपूर्ति बहाल हुई। वहीं तीसरे दिन आज सुबह करीब 7 बजे से ही बिजली गुल है। लगातार तीन दिनों से सुबह के समय बिजली बंद होने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बच्चों से लेकर नौकरीपेशा और मजदूर तक परेशान
सुबह का समय बच्चों के स्कूल जाने की तैयारी का होता है। बिजली नहीं होने से बच्चों को तैयार होने में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं नौकरीपेशा लोगों को भी समय पर तैयार होकर काम पर पहुंचने में दिक्कत हो रही है। मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों के लिए भी सुबह का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन बिजली कटौती के कारण उनकी तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से कटौती की कोई स्पष्ट वजह भी नहीं बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मौसम सामान्य है और किसी तरह की प्राकृतिक स्थिति भी नहीं है, तो आखिर लगातार सुबह के समय बिजली क्यों काटी जा रही है?
स्मार्ट मीटर लगाने पर जोर, व्यवस्था सुधारने पर कब?
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि बिजली व्यवस्था में सुधार के बजाय स्मार्ट मीटर लगाने की बातें तो तेजी से की जा रही हैं, लेकिन मौजूदा बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
ग्रामीणों का सीधा सवाल है कि क्या जिम्मेदारों की भूमिका सिर्फ स्मार्ट मीटर लगाने तक सीमित है या निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी है? तीन दिनों से लगातार हो रही कटौती ने विभाग की व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें 👉 छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट : आज से लागू होगा नया रोस्टर, तीन नए जज लेंगे शपथ
अब ग्रामीणों की मांग है कि बिजली कटौती का वास्तविक कारण सामने लाया जाए और बिना वजह बार-बार बिजली बंद होने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। सुबह के समय बिजली गुल होने से परेशान ग्रामीणों को आखिर कब राहत मिलेगी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










