मदद नहीं मौका दीजिए: दिव्यांगजन अब बनेंगे उद्यमी, ‘उड़ान’ सोसाइटी को दीपावली पर गिफ्ट के लिए मिला 10 लाख का पहला ऑर्डर

मदद नहीं मौका दीजिए: दिव्यांगजन अब बनेंगे उद्यमी, ‘उड़ान’ सोसाइटी को दीपावली पर गिफ्ट के लिए मिला 10 लाख का पहला ऑर्डर

बलौदा बाजार। जिले के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा की पहल पर उड़ान दिव्यांग मल्टीपर्पस कोऑपरेटिव सोसाइटी की स्थापना की गई है। इस सोसाइटी की खास बात यह है कि वे दिव्यांगों के लिए मदद नहीं मौका मांग रहे हैं। इसका संचालन पूरी तरह दिव्यांगजन करेंगे। उत्पाद तैयार करने से लेकर कारोबार संभालने तक की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी और व्यवसाय से होने वाले लाभ का बंटवारा भी वे सीधे तौर पर कर सकेंगे। सोसाइटी ने दीपावली के अवसर पर गिफ्ट हैम्पर और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की बिक्री शुरू की है। खास बात यह है कि सोसाइटी को एक स्थानीय कंपनी से दीपावली गिफ्ट के लिए 10 लाख रुपये का पहला ऑर्डर भी मिला है।

मदद नहीं मौका दीजिए
कलेक्टर कार्यालय में लगा स्टॉल।

दिव्यांगजनों को केवल सहायता पर निर्भर रखने के बजाय उन्हें उद्यमी बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सोसाइटी के माध्यम से उनकी क्षमताओं और कौशल को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दीपावली के त्योहार को देखते हुए गिफ्ट आइटम और हैंडीक्राफ्ट सामग्री के स्टॉल लगाए जा रहे हैं, ताकि लोग आसानी से उनके बनाए उत्पाद खरीद सकें। इस दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्टॉल का निरीक्षण किया और यहां से 1500 रुपए के एक गिफ्ट हैम्पर की खरीदी की।

कृषि मंडी स्थित मनोविकास केंद्र से हो रहा संचालन

फिलहाल सोसाइटी का संचालन पनगांव स्थित कृषि मंडी में संचालित मनोविकास केंद्र से किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि सोसाइटी पूरी तरह दिव्यांगजनों द्वारा संचालित होगी। उत्पादन से लेकर व्यवसाय तक का काम वे स्वयं करेंगे और कारोबार से होने वाले लाभ का बंटवारा भी सीधे उनके बीच होगा। जल्द ही सोसाइटी के लिए स्वतंत्र निर्माण यूनिट स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा एक विक्रय केंद्र भी बनाया जाएगा, जहां से लोग सोसाइटी द्वारा तैयार सामग्री खरीद सकेंगे।

मदद नहीं मौका दीजिए
स्टॉल का निरीक्षण करते कलेक्टर कुलदीप शर्मा।

10 लाख का मिला पहला ऑर्डर

सोसाइटी के सीईओ डॉ. मयूर गुप्ता ने बताया कि एक स्थानीय कंपनी ने दीपावली गिफ्ट के लिए सोसाइटी को 10 लाख रुपये का पहला ऑर्डर दिया है। सोसाइटी का पहला स्टॉल मंगलवार को कलेक्ट्रेट में लगाया गया, जहां बैठक में शामिल होने आए विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी जरूरत के अनुसार उत्पादों के ऑर्डर दिए। इससे सोसाइटी को कारोबार बढ़ाने और अपने उत्पादों को अधिक लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉 बलौदा बाजार में भीषण हादसा: दरचुरा के पास खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, चालक-हेल्पर समेत 5 की मौत, 14 घायल

1500 से 5100 रुपये तक के गिफ्ट हैम्पर उपलब्ध

सोसाइटी की अध्यक्ष राधा निषाद ने बताया कि फिलहाल दीपावली के लिए गिफ्ट हैम्पर तैयार किए जा रहे हैं। बाजार में जिस तरह दीपावली के दौरान उपहारों की मांग रहती है, उसी को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग तरह के हैम्पर बनाए जा रहे हैं। सोसाइटी के पास 1500 से 5100 रुपये तक के गिफ्ट हैम्पर उपलब्ध हैं। इनमें मांग के अनुसार ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट और चॉकलेट कोटेड ड्राई फ्रूट्स सहित अन्य सामग्री शामिल की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार जिले में सीमेंट संयंत्रों के साथ बड़ी संख्या में अन्य उद्योग भी हैं। ऐसे में कंपनियों की जरूरत के मुताबिक कॉर्पोरेट गिफ्ट हैम्पर तैयार कर सामग्री उपलब्ध कराने की योजना है। सोसाइटी के उत्पाद बाजार भाव पर खरीदे जा सकते हैं। इससे कंपनियों और आम लोगों को उपहार खरीदने का विकल्प मिलेगा, वहीं दिव्यांगजनों को अपने उत्पादों के माध्यम से आमदनी अर्जित करने का अवसर मिलेगा।

इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट है—दिव्यांगजनों को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपना कारोबार चलाने वाला बनाना। सोसाइटी के स्वतंत्र निर्माण यूनिट और विक्रय केंद्र की स्थापना से उत्पादन और बिक्री का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।

दिवाली पर सोसाइटी में यह गिफ्ट हैम्पर में हैं उपलब्ध

दिव्यांग मल्टीपरपज कोऑपरेटिव सोसाइटी बलोदा बाजार के पास वर्तमान में कस्टमाइज्ड गिफ्ट अवार्ड और स्टेशनरी उपलब्ध है। खास दीपावली के त्यौहार को देखते हुए कोंबो गिफ्ट पैक ट्रीट कलेक्शन, रॉयल कलेक्शन में इलेक्ट्रिक आइटम, सिग्नेचर गिफ्ट में ट्रे और लेदर बॉक्स, एसेंशियल कलेक्शन में बैग, कंफर्ट बैग, बॉटल एंड टंबलर सेट, माइक्रो डबल बेडशीट, फूड चौपर, स्टील इलेक्ट्रिक कैटल, इलेक्ट्रिक मल्टी कुकर, विभिन्न प्रकार के बैग, इलेक्ट्रिक लंच बॉक्स जैसे आइटम उपलब्ध हैं।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...