
खबर का असर: Unfear News की खबर के बाद जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मोहितराम वर्मा को मिला पुश्तैनी जमीन पर कब्जा
प्रशासनिक रिपोर्टर|बलौदा बाजार
खबर का असर: Unfear News की खबर के बाद अपनी पुश्तैनी जमीन पर 15 वर्षों से कब्जा पाने के लिए संघर्ष कर रहे इंदिरा कॉलोनी निवासी मोहितराम वर्मा को आखिरकार ग्राम अर्जुनी में स्थित उनकी जमीन के मामले में न्याय मिल गया है। UNFEAR NEWS की खबर पर संज्ञान लेकर जिला प्रशासन ने त्वरित पहल और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को उनकी जमीन से अतिक्रमण हटाकर उन्हें वैधानिक कब्जा दिलाया गया।

Unfear News ने इस मामले में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की है। बता दें कि मोहितराम वर्मा पिछले कई वर्षों से ग्राम अर्जुनी स्थित अपनी पुश्तैनी भूमि खसरा नंबर 183, रकबा 0.615 हेक्टेयर पर कब्जा पाने के लिए तहसील, एसडीएम कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय और न्यायालयों के चक्कर काट रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर हीरालाल वर्मा और जवाहर वर्मा द्वारा अनाधिकृत कब्जा कर लिया गया था।
मामला तहसीलदार न्यायालय से लेकर सिविल कोर्ट, जिला न्यायालय और हाईकोर्ट तक पहुंचा। न्यायालयों ने रिकॉर्ड, सीमांकन और दस्तावेजों के आधार पर मोहितराम वर्मा के पक्ष में निर्णय दिया। हाईकोर्ट ने भी स्पष्ट किया था कि भूमि पर वास्तविक अधिकार मोहितराम वर्मा का है और अतिक्रमण हटाकर कब्जा दिलाया जाना चाहिए।

इसके बावजूद लंबे समय तक आदेश का पालन नहीं हुआ, जिससे परेशान होकर मोहितराम वर्मा ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और आत्मदाह तक की चेतावनी दे दी थी। यह खबर जब UNFEAR NEWS में प्रमुखता से सामने आई, तब कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बलौदा बाजार और तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
शनिवार को तहसील बलौदा बाजार के ग्राम अर्जुनी, प.ह.नं. 10 में मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी, ग्राम कोटवार, आवेदक मोहितराम वर्मा, अनावेदक हीरालाल वर्मा, जवाहर वर्मा और अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से कब्जा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से जमीन की स्पष्ट सीमांकन रेखा चिन्हित कराई गई। खसरा नंबर 183, रकबा 0.615 हेक्टेयर भूमि पर मोहितराम वर्मा को विधिवत कब्जा दिलाया गया। इस दौरान अनावेदकों की ओर से कोई आपत्ति नहीं की गई और मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया।
अपनी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होते देख मोहितराम वर्मा की आंखों में खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “मैंने वर्षों तक अपनी जमीन के लिए संघर्ष किया। कई बार लगा कि अब न्याय नहीं मिलेगा, लेकिन आज प्रशासन ने मेरी बात सुनी और मुझे मेरी पुश्तैनी जमीन वापस मिली। इसके लिए मैं शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करता हूं।
एसडीएम बलौदाबाजार प्रकाश कोरी ने बताया कि कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में नियमानुसार अतिक्रमण हटाकर आवेदक को कब्जा दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
UNFEAR NEWS इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई करता, तो एक बुजुर्ग को इतने वर्षों तक न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ता। UNFEAR NEWS की प्रभावी भूमिका ने जहां एक बुजुर्ग की पीड़ा को सामने लाने के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हुआ। इससे न केवल मोहितराम वर्मा को न्याय मिला, बल्कि आम लोगों में भी प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










