
राज्य स्तरीय ताइक्वांडो रेफरी सेमिनार: बिलासपुर में अंतरराष्ट्रीय रेफरी देंगे प्रशिक्षण
स्पोर्ट्स रिपोर्टर|बिलासपुर
छत्तीसगढ़ में ताइक्वांडो खेल के तकनीकी स्तर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ 29 मई से 31 मई तक राज्य स्तरीय रेफरी सेमिनार एवं रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन कर रहा है। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बिलासपुर स्थित त्रिवेणी भवन में होगा। जिसमें प्रदेशभर के 50 से अधिक प्रशिक्षित रेफरी, कोच एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे।

संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ताइक्वांडो रेफरी एवं अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लागू नवीनतम नियमों एवं तकनीकी बदलावों से अवगत कराना है। सेमिनार में प्रतिभागियों को प्रतियोगिता संचालन प्रणाली, स्कोरिंग प्रक्रिया, रेफरी की भूमिका, मैच प्रबंधन तथा तकनीकी निर्णयों से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी एवं प्रशिक्षक सुंदरमनी पटेल विशेष रूप से चंडीगढ़ से बिलासपुर पहुंचेंगे। वे प्रतिभागियों को वर्ल्ड ताइक्वांडो द्वारा संशोधित नवीनतम नियमों के बारे में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण देंगे।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार खेलों में समय-समय पर नियमों में बदलाव होते रहते हैं, ऐसे में रेफरी एवं तकनीकी अधिकारियों का अद्यतन ज्ञान बेहद आवश्यक हो जाता है। इसी उद्देश्य से इस रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया जा रहा है ताकि राज्य के रेफरी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक दक्षता और निष्पक्षता के साथ अपनी भूमिका निभा सकें।
यह भी पढ़ें 👉 खबर का असर: Unfear News की खबर के बाद जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मोहितराम वर्मा को मिला पुश्तैनी जमीन पर कब्जा
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से ताइक्वांडो कोच, रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी शामिल होंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रतियोगिताओं के आधुनिक संचालन की प्रक्रिया से परिचित कराया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी पात्र प्रतिभागियों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।
संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह कार्यक्रम प्रदेश में ताइक्वांडो खेल के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










