
बलौदा बाजार के नए कलेक्टर ने संभाली कमान: पदभार ग्रहण करते ही कुलदीप शर्मा ने की विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा
प्रशासनिक डेस्क|बलौदा बाजार
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में प्रशासनिक बदलाव के बाद नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार 28 फरवरी 2026 को संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिक योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की तथा सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ बेहतर और परिणामोन्मुख कार्य करने के निर्देश दिए।

पदभार ग्रहण के अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की वर्तमान प्रशासनिक स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति, धान उठाव की स्थिति, समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के परिवहन एवं भंडारण, लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा जनसमस्या निवारण से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
यह भी पढ़ें 👉 https://unfearnews.com/16365
कुलदीप शर्मा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं के पद पर कार्यरत थे तथा सहकारिता क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। वे इससे पहले कलेक्टर बालोद और कलेक्टर कोरिया के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिला प्रशासन और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का व्यापक अनुभव होने के कारण उनसे बलौदाबाजार जिले में प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले बलौदा बाजार जिले के कलेक्टर के रूप में आईएएस अधिकारी दीपक सोनी पदस्थ थे। उनके कार्यकाल में राजस्व प्रकरणों के निराकरण, जनसमस्या निवारण, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया था। अब उनके स्थानांतरण के बाद कुलदीप शर्मा ने जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल ली है।
नवपदस्थ कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, एआर टंडन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। नए कलेक्टर के पदभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक महकमे में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं आम लोगों को भी शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










