
राष्ट्रपिता पर हमला: बलौदा बाजार के ग्राम करमदा में असामाजिक तत्वों ने तोड़ा गांधी प्रतिमा ग्रामीणों में भारी आक्रोश
क्राइम डेस्क|बलौदा बाजार
बलौदा बाजार जिला मुख्यालय के समीप ग्राम करमदा में असामाजिक तत्वों द्वारा बीती रात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। जब ग्रामीणों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो देखा गया कि प्रतिमा का सिर अलग कर दिया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के प्रमुख स्थल पर स्थापित गांधी प्रतिमा वर्षों से सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों का केंद्र रही है। ऐसे में इस तरह की हरकत से गांव की भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों का कहना है कि यह कृत्य सुनियोजित प्रतीत होता है और इसे अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें 👉 https://unfearnews.com/16368
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी है। बताया जा रहा है कि आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है जिससे संदिग्धों की तलाश की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि प्रतिमा को शीघ्र पूर्व स्थिति में स्थापित किया जाए। साथ ही गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि फोरेंसिक की टीम जांच कर रही है। साथ ही स्थानीय प्रशासन से बात कर प्रतिमा को फिर से तैयार करने की बात की गई है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...









