
बलौदा बाजार। बलौदा बाजार कोतवाली के बगल में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का पुलिस पेट्रोल पंप पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। इस पंप के संचालन से पुलिस वाहनों के साथ साथ जिले के वाहन चालकों के लिए ईंधन की उपलब्धता आसान होगी और गुणवत्ता से जुड़ी गड़बड़ियों पर भी रोक लगेगी। इसका औपचारिक उद्घाटन रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमरेश मिश्रा करेंगे। इससे पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, मिट्टी पटिंग और साइनबोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का दावा है कि इस पेट्रोल पंप से ईंधन की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर कोई अनियमितता नहीं होगी। इससे पहले पुलिस वाहनों के लिए ईंधन की व्यवस्था निजी पेट्रोल पंपों से होती थी, जिससे चोरी और हेरफेर की आशंका बनी रहती थी। निजी पेट्रोल पंप संचालकों की मनमानी से जिले के लोग भी बहुत ज्यादा परेशान थे। पेट्रोल पंप में मिलने वाली सुविधाओं का अभाव के साथ ही पेट्रोल की चोरी और हेरा फेरी से लोग परेशान थे। अब पुलिस के पेट्रोल पंप से यह समस्या खत्म होगी। पंप के संचालन की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मेघनाथ बंजारे को सौंपी गई है।
एसएसपी ने दिए विशेष निर्देश
उद्घाटन से पहले एसएसपी विजय अग्रवाल ने पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ-सफाई, निर्माण के बाद पेट्रोल पंप परिसर में पड़ी सामग्री को हटाने के साथ ही मिट्टी पटिंग करने, सुरक्षा उपकरण, सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने पेट्रोल पंप के लिए स्पष्ट साइनबोर्ड लगाने, वाहनों के लिए यूरिया की उपलब्धता, तेल के साथ मिलने वाले अन्य प्रोडक्ट, विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश और परिसर को व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
भविष्य में कंट्रोल रूम और पुलिस कैंटीन बनाने की है योजना
पुलिस पेट्रोल पंप के बगल में एक आधुनिक कंट्रोल रूम, पुलिस कैंटीन और उसका स्टोर बनाने की योजना भी बनाई गई है। इससे पुलिसकर्मियों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी और उनकी कार्यप्रणाली में सुधार होगा। पुलिस प्रशासन इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा करने की योजना बना रहा है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










