
पलामू। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को आज सुबह स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि अमन साहू को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल से झारखंड की राजधानी रांची ले जाया जा रहा था, इसी दौरान पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के अंधेरी ढोंढा स्थान पर पुलिस वाहन पर अज्ञात हमलावरों ने बम से हमला कर दिया। हमले के बीच अमन साहू ने पुलिसकर्मी की इंसास राइफल छीन ली और फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। फिल्मी स्टाइल में हुए इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने जबाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया है।
फिल्मी कहानी की तरह दिखने वाले इस एनकाउंटर की घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। पुलिस टीम जब रायपुर से रांची के लिए अमन साहू को लेकर जा रही थी, तब रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने पुलिस वाहन पर बम से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से अफरातफरी मच गई। इसी दौरान अमन साहू ने मौका पाकर एक पुलिसकर्मी की इंसास राइफल छीन ली और पुलिस पर ही फायरिंग करने लगा। इस हमले में एक हवलदार को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। इस दौरान बताया जा रहा है कि अमन साहू लगातार भागने की कोशिश कर रहा था और पुलिस पर गोलीबारी कर रहा था, लेकिन पुलिस ने चारों ओर से उसे घेर लिया। कुछ ही देर में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। पुलिस को मौके से दो जिंदा बम भी बरामद हुए हैं।
घायल जवान अस्पताल में भर्ती
फायरिंग में घायल हवलदार की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में मेदिनीनगर के मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके शरीर से गोली निकाल दी है, लेकिन अभी भी उनकी हालत स्थिर नहीं है।
पुलिस ने की एनकाउंटर की पुष्टि
पलामू जिले की एसपी रेशमा रमेशन ने इस एनकाउंटर की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, अमन साहू को कड़ी सुरक्षा में रायपुर जेल से रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस ने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है।
कौन था अमन साहू?
अमन साहू झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर था, जो लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उस पर कई राज्यों में हत्या, रंगदारी, लूट, और बम धमाकों जैसे गंभीर आरोप थे। हाल ही में वह रायपुर में कई घटनाओं को अंजाम इसके कारण उसे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद किया गया था। पुलिस उसे रांची लाकर उससे जुड़े मामलों में पूछताछ करना चाहती थी, लेकिन रास्ते में उसकी कहानी खत्म हो गई।
मामले की जांच जारी
पुलिस अब इस पूरे एनकाउंटर की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि अमन साहू को छुड़ाने के लिए हुए हमले के पीछे किन लोगों का हाथ था। मौके से मिले जिंदा बम और अन्य सुरागों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस जल्द ही इस मामले में और खुलासे कर सकती है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










