
रफ्तार का कहर: पुष्पराज बस ने मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
क्राइम डेस्क | बलौदा बाजार
रात की खामोशी अचानक चीखों में बदल गई… बलौदा बाजार जिले के ग्राम पंचायत ओटेबंद में तेज रफ्तार बस ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई, और कुछ ही देर में सड़क पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मुआवजे की मांग को लेकर लोग धरने पर बैठ गए, जबकि पुलिस और प्रशासन को हालात संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि बलौदा बाजार जिले के करही बाजार पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ओटेबंद में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार पुष्पराज बस (क्रमांक CG 10 CC 1450) ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें 👉 https://unfearnews.com/16299
घटना रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतका की पहचान फुलसुंदरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह शौच के बाद घर लौट रही थी, तभी सामने से आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला उछलकर बस के सामने के कांच से जा टकराई, जिससे बस का कांच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। इधर हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर करही बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। बाद में संबंधित तहसीलदार द्वारा पीड़ित परिवार को 50,000 की मुआवजा राशि दिलाए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
ग्राम पंचायत ओटेबंद के सरपंच ने बताया कि बस में तोड़फोड़ की शिकायत को लेकर पुलिस द्वारा ग्रामीणों को फटकार लगाए जाने की बात कही गई थी, जबकि किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं हुई थी। बस में सवार लोग एक वैवाहिक कार्यक्रम में ग्राम खपरी से पचपेड़ी जा रहे थे, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। करही बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई राजकुमार डहरिया ने बताया कि घटना रात में हुई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं रिपोर्ट के आते हैं एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










