
सतनामी समाज ने बलौदा बाजार में सम्मान समारोह के आमंत्रण पत्र में ‘हरिजन’ शब्द के उपयोग पर कड़ा विरोध जताया। समाज ने इसे अपमानजनक बताते हुए आकांक्षा गोलू जायसवाल के खिलाफ FIR की मांग की। संविधान में प्रतिबंधित शब्द के इस्तेमाल पर सतनामी समाज का आक्रोश।
सम्मान समारोह के आमंत्रण पत्र में ‘अपमानजनक शब्द’ का उपयोग, सतनामी समाज ने जताया कड़ा विरोध
सतनामी समाज के लोगों ने जताई नाराजगी, कहा – ‘हरिजन’ शब्द संविधान विरोधी, एफआईआर की मांग
बलौदा बाजार। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के सम्मान समारोह के लिए जारी किए गए आमंत्रण पत्र पर सतनामी समाज के लोगों ने देर रात कड़ा विरोध जताया है। समाज के लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घेराव करने वालों का आरोप है कि इस आमंत्रण पत्र में सतनामी समाज के लिए अपमानजनक शब्द ‘हरिजन’ शब्द का उपयोग किया गया, जो संविधान और सामाजिक मर्यादा के खिलाफ है। इस मामले को लेकर समाज के लोगों ने कोतवाली थाना में आवेदन देकर आकांक्षा गोलू जायसवाल और पवन साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ग्राम खैरी के पंच मुन्ना कोसले ने बताया कि जब वह अपने गांव पहुंचे, तो उन्हें ग्राम पंचायत के पंच प्रतिनिधि नेतराम ध्रुव ने सम्मान समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा। लेकिन जब उन्होंने पत्र को ध्यान से पढ़ा, तो उसमें ‘समस्त सतनामी समाज’ की जगह ‘समस्त हरिजन समाज’ लिखा हुआ था। “इस पत्र में मेरे नाम के साथ समाज के लिए ‘हरिजन’ शब्द का प्रयोग किया गया, जो हमारे पूरे समाज के लिए अपमानजनक है। यह केवल मुझे नहीं, बल्कि पूरे सतनामी समाज का अपमान है। इस अपमानजनक शब्द के इस्तेमाल से समाज में आक्रोश फैल गया और लोगों ने इसका खुलकर विरोध करना शुरू कर दिया।
सतनामी समाज ने किया विरोध, कहा – ‘संविधान में इस शब्द पर 1982 से ही प्रतिबंध’
सतनामी समाज के वरिष्ठ सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि 1982 से ही ‘हरिजन’ शब्द के उपयोग पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद संविधान को मानने वाले सतनामी समाज के लिए इस अपमानजनक शब्द का उपयोग करना पूरी तरह गलत और असंवैधानिक है। समाज को दबाने का प्रयास किया गया है। हम वर्षों से इस शब्द को हटाने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यह हमें अपमानित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि हमारी भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। प्रशासन को तत्काल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
समाज ने दी चेतावनी – ‘कल नहीं, आज चाहिए कार्रवाई’
सतनामी समाज के लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे इस मुद्दे को हल्के में नहीं लेंगे। समाज के कई लोगों ने कोतवाली थाना पहुंचकर आकांक्षा गोलू जायसवाल के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। समाज के लोगों ने कहा कि हमने आवेदन दे दिया है, लेकिन सिर्फ आवेदन से काम नहीं चलेगा। हम इस मामले में तत्काल कार्रवाई चाहते हैं। प्रशासन को समझना चाहिए कि यह हमारे समाज के सम्मान का सवाल है।
प्रशासन से की गई मुख्य मांगें
सतनामी समाज ने जिला पंचायत की नवनिर्वाचित सदस्य और अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल, उपाध्यक्ष पवन साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग किया। समाज के सम्मान की रक्षा के लिए दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई हो, नेतराम ध्रुव के खिलाफ दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वाशन
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अजय झा ने कहा कि शिकायत आवेदन मिला है, इसपर जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










