
मिलूपारा में खेल प्रतियोगिता: 400 से अधिक खिलाड़ियों ने कबड्डी और खो-खो में दिखाया दम
स्पोर्ट्स रिपोर्टर| तमनार
अदाणी फाउंडेशन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम मिलूपारा स्थित आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कबड्डी और खो-खो की इस प्रतियोगिता में तमनार, धरमजयगढ़, मिलूपारा, पुसौर, धौराभांठा, लिब्रा और राजपुर सहित सात स्कूल क्लस्टरों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। जिसके बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भंसीधर चौधरी, नंदिनी मनोज राय, पेलमा के साइट हेड, गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड और लॉजिस्टिक्स हेड की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मिलूपारा के सरपंच उद्धव भगत, उपसरपंच सीताराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा, यादलाल नायक, बबलू पटेल, अशोक पटेल और नित्यानंद सहित अदाणी समूह के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। विभिन्न स्कूलों की बालक-बालिका टीमों के बीच हुए मुकाबलों में खेल कौशल और आपसी तालमेल देखने को मिला। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मोमेंटो और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।
पेलमा के साइट हेड ने कहा कि खेल शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित होते हैं। वहीं, गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने शिक्षा के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए अदाणी फाउंडेशन की प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी सुविधाओं के विकास के साथ खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है। मिलूपारा में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिला।
खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा गया ध्यान
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अदाणी फाउंडेशन की ओर से बस परिवहन की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा खेल मैदान पर संभावित चोट या आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










