
सरगुजा में नेटबॉल का क्रेज: जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने दिखाया दम
स्पोर्ट्स रिपोर्टर | अम्बिकापुर।
सरगुजा जिले में नेटबॉल खेल के प्रति खिलाड़ियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा की ओर से जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सरगुजा जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी ने जिले में नेटबॉल के प्रति बढ़ती रुचि को सामने रखा। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ प्रतिस्पर्धी माहौल में खुद को परखने का अवसर मिला। संघ का उद्देश्य जिले में नेटबॉल को मजबूत आधार देना और प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए बेहतर मंच मिलता है। नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भागीदारी से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे उच्च स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं।
संघ की ओर से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को खेल की तकनीक, अनुशासन और टीम भावना से जुड़े आवश्यक पहलुओं की जानकारी दी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की भी तैयारी है। इससे नए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों को मिलती है डाइट मनी
राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से नियमानुसार डाइट मनी के रूप में नगद राशि प्रदान की जाती है। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान आवश्यक सहयोग मिलता है।
सरगुजा में नेटबॉल को विस्तार देने की तैयारी
संघ का प्रयास जिले के अधिक से अधिक बालक-बालिकाओं को नेटबॉल से जोड़ने और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने भी नियमित प्रशिक्षण और इस तरह के आयोजनों को खेल के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
यह भी पढ़ें 👉 45वीं सब जूनियर राष्ट्रीय बाल बैडमिंटन प्रतियोगिता: 3 से 7 अक्टूबर तक भिलाई में 26 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
इस अवसर पर प्रदेश ऑब्जर्वर के रूप में राजेश प्रताप सिंह, नेटबॉल सरगुजा संघ के सचिव रजत सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू गुप्ता सहित संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










