
स्वच्छता पखवाड़ा: MY Bharat का संदेश देने युवाओं ने खटखटाया दरवाजा
बलौदा बाजार। स्वच्छता को लेकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से MY Bharat जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के नेतृत्व में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा स्वयं सेवकों, NSS स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों एवं अतिथियों ने हिस्सा लिया और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत युवा स्वयंसेवकों एवं अतिथियों द्वारा स्वच्छता शपथ लेकर की गई। इस दौरान युवाओं ने स्वयं स्वच्छ रहने के साथ-साथ अपने घर, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इसके बाद महाविद्यालय परिसर में विभिन्न IEC गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। पोस्टर निर्माण एवं प्रदर्शन, वॉल पेंटिंग, जागरूकता संदेश, सेमिनार और संवाद कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को समझाया गया।
“One Youth – One Household” पहल के तहत घर-घर पहुंचाया संदेश
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा “One Youth – One Household” पहल रहा। इसके तहत MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों ने परिवारों से संपर्क कर स्वच्छता को लेकर जरूरी जानकारी साझा की।

युवाओं ने लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा अपने घर और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों से स्वच्छ आदतों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
युवाओं ने किया श्रमदान
स्वच्छता अभियान के दौरान युवाओं ने केवल जागरूकता संदेश देने तक सीमित न रहते हुए स्वयं श्रमदान भी किया। MY Bharat के युवा स्वयंसेवकों, NSS स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों एवं अतिथियों ने महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया।
युवाओं ने परिसर में फैले कचरे को एकत्र किया और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक किया। इस दौरान स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने की अपील की गई।
स्वच्छता जनआंदोलन बनाने पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि युवा स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को प्रेरित करें तो स्वच्छता अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता के संदेश को केवल अभियान और कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार, मोहल्ले तथा समाज में भी स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा दें।कार्यक्रम में NSS प्रभारी डॉ. राजन तिवारी, प्राचार्य ए. आर. जेम्स, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्रेणिक गोलछा एवं समाजसेवी आशीष पुरोहित सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, NSS स्वयंसेवक एवं MY Bharat के युवा उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों में राजीव मिर्झा, हितेश और परमेश्वर साहू सहित अन्य युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की सक्रिय भागीदारी की अतिथियों ने सराहना की और कहा कि युवा शक्ति स्वच्छता अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
यह भी पढ़ें 👉 जागरूकता कार्यशाला: महिलाओं और बालिकाओं को मिली पॉक्सो एवं पोश अधिनियम पर कानूनी जानकारी
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी ने “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत — यही है हमारी पहचान” के संकल्प को दोहराते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










