मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा: सिमगा पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश

मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा

मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा: सिमगा पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश

क्राइम रिपोर्टर| बलौदा बाजार 

बलौदा बाजार-भाटापारा जिले की सिमगा पुलिस ने एक शातिर अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 13 चोरी के वाहन बरामद किए हैं, जिनमें 11 दोपहिया वाहन और 2 मालवाहक वाहन शामिल हैं। गिरोह बलौदा बाजार-भाटापारा के अलावा रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा के भीड़भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाता था।

मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा
पुलिस हिरासत में वाहन चोर।

मामले का खुलासा सिमगा सब्जी मार्केट से स्कूटी चोरी की शिकायत के बाद हुआ। 4 अगस्त को सब्जी मार्केट से CG-22-Y-1401 नंबर की स्कूटी चोरी हुई थी। 5 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद सिमगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा
सिमगा पुलिस को मिली सफलता।

पुलिस ने बाजार और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध चोरी की स्कूटी को पैदल ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने सिमगा से भाटापारा, हथबंद और सुहेला मार्ग पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। CCTV फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा
जब्त वाहनों की जानकारी।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया। आरोपी बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की रेकी करते थे और नाबालिग का इस्तेमाल कर वाहन चोरी करवाते थे। चोरी के बाद मोटर साइकिल, उसके पार्ट्स और दूसरे वाहनों को अलग-अलग जगहों पर खपाया जाता था।

मार्केट में रेकी, किशोर से चोरी और फिर वाहनों का सौदा
जब्त वाहनों की जानकारी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के साथ रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा के बाजार क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। अकेले बलौदा बाजार-भाटापारा जिले में आरोपियों के खिलाफ 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पड़ोसी जिलों में भी इनके खिलाफ वाहन चोरी के मामले दर्ज बताए गए हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 13 वाहन बरामद किए हैं। इनमें 11 दोपहिया वाहन, जिसमें स्कूटी, मोटर साइकिल और TVS एक्सेल शामिल हैं। इसके अलावा एक ई-रिक्शा और एक मालवाहक वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने एक अतिरिक्त बैटरी भी जब्त की है।

शिवांशी केसरवानी बनीं बलौदा बाजार की पहली कमर्शियल पायलट, अमेरिका में लिया प्रशिक्षण

सिमगा पुलिस ने मामले में भागीरथी बंजारे उम्र 42 वर्ष निवासी घिरधोल थाना पलारी, लव कुमार मरकाम उम्र 38 वर्ष और तरुण कुमार साहू उम्र 32 वर्ष, दोनों निवासी अर्जुनी थाना भाटापारा ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। मामले में नाबालिग के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं, किशोर न्याय अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

वाहन चोरी के इस खुलासे के बाद पुलिस ने आम लोगों से पुरानी और सेकंड हैंड गाड़ियां खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि वाहन खरीदने से पहले RC, बीमा, वाहन मालिक की पहचान और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। बिना वैध दस्तावेज और सही मालिक की जानकारी के सस्ती कीमत पर वाहन खरीदना लोगों को कानूनी मुसीबत में डाल सकता है।

CCTV की निगरानी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के जरिए सिमगा पुलिस ने आखिरकार उस गिरोह तक पहुंच बना ली, जो बाजार में रेकी कर वाहनों को निशाना बनाता था। 13 चोरी के वाहन बरामद होने के बाद अब पुलिस पड़ोसी जिलों में दर्ज मामलों से भी इस गिरोह के कनेक्शन की जांच कर रही है।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...