
आबकारी विभाग की कार्रवाई: मिलावटी शराब पर छापा, 8 कर्मचारियों को हटाया, 73 प्रकरण दर्ज कर जब्त किया 198.96 लीटर अवैध शराब
प्रशासनिक रिपोर्टर| बलौदा बाजार
बलौदा बाजार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर 73 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। गड़बड़ी करने पर सरकारी शराब दुकानों से 8 कर्मचारियों को हटाकर ब्लैक लिस्ट किया गया है। साथ ही शराब मिलावट कर बेचने के मामले में दुकान के सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। साथ ही शराब तस्करी करने के मामले में 49 वाहनों को राजसात किया है।

जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल ने बताया कि आबकारी विभाग को ग्राम संडी से एक महत्वपूर्ण सूचना मिली कि गांव में स्थित एक मकान में अवैध रूप से रखी गई है। इसपर विभाग ने छापामार कार्रवाई करते हुए मकान से 360 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई। ग्रामीणों कि सूचना पर विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल 64.8 लीटर शराब मिली है, साथ ही कई संदिग्ध चीजें मिली हैं, जिनमें खाली शीशी, ढक्कन मिले जिससे यह पता चल रहा है कि यहां शराब में मिलावट कर शराब को बेचा जा रहा था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये है। इस मामले में संडी दुकान के सुपरवाइजर मुरली टंडन और उसके साथी नेतराम डहरिया दोनों निवासी इंदौरी-पिपरिया, जिला कबीरधाम (कवर्धा) को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। इसके साथ ही मुरली टंडन को ब्लैक लिस्ट करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही इस मामले की जांच अभी विभाग कर रही है।
उन्होंने बताया कि विभाग की टीम द्वारा अवैध शराब पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले कुछ समय में विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 198.96 बल्क लीटर अवैध शराब, 200 किलोग्राम महुआ लाहन और एक मोटरसाइकिल जब्त किया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत 82 हजार 49 रुपये, महुआ लाहन की कीमत 12 हजार रुपये तथा दोपहिया वाहन की कीमत 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 1 लाख 24 हजार 49 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान 70 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके साथ ही जिले की विभिन्न शराब दुकानों के निरीक्षण और प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान मैनपावर एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा अनियमितताएं पाए जाने पर 8 कर्मचारियों को बर्खास्त कर ब्लैकलिस्ट किया गया है। शराब दुकानों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर लगाम लगाने के लिए लगातार जांच की जा रही ही।
साथ ही अवैध शराब के कारोबार में उपयोग किए जा रहे वाहनों के खिलाफ भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मार्च से मई 2026 के बीच आबकारी विभाग ने 49 वाहनों को राजसात किया है। बताया गया कि धारा 34(2) के तहत मार्च माह में 1 दोपहिया वाहन, अप्रैल में 2 मोटरसाइकिल तथा मई में 43 दोपहिया और 3 चारपहिया वाहन राजसात किए गए हैं। विभाग द्वारा इन वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें 👉 मोटर साइकिल पर किसान बनकर पहुंचे उपसंचालक: करही बाजार के बबला कृषि केंद्र में 1350 का खाद 2700 में मिला
जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार जांच, दबिश और निगरानी की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार जिलेभर में अभियान चला रही है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...









