
विश्व रेड क्रॉस दिवस: रक्तदान, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण और राहवीर योजना पर विशेष जोर
हेल्थ डेस्क|बलौदा बाजार
विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर बलौदा बाजार जिले में एक ओर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। वहीं जिला स्तर पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का विशेष प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया, जिसमें हार्ट अटैक, सड़क दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में तुरंत सहायता पहुंचाने के तरीके सिखाए गए।

कार्यक्रम के दौरान जिला रेड क्रॉस सोसायटी की जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण को व्यापक स्तर पर पहुंचाने पर सहमति बनी। विशेष रूप से बस चालकों और स्कूल बस ड्राइवरों को फर्स्ट एड प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल राहत और प्राथमिक उपचार मिल सके।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष 300 लोगों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया था, जबकि इस वर्ष 500 लोगों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आपात स्थिति में जीवन रक्षक सहायता देने के लिए तैयार करना है।
यह खबर भी पढ़ें 👉 चंदा देवी तिवारी हॉस्पिटल में रोग निदान शिविर सम्पन्न, जरूरतमंद मरीजों का होगा निःशुल्क ऑपरेशन
इस अवसर पर केंद्र सरकार की राहवीर योजना की भी जानकारी दी गई। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को किसी भी पुलिस केस में शामिल नहीं किया जाएगा, बल्कि उसे 25 हजार रुपए का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य हिट एंड रन जैसी घटनाओं में कमी लाना और घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
यह खबर भी पढ़ें 👉 खबर का असर: Unfear News की खबर पर जिला प्रशासन हरकत में, कलेक्टर ने लिया संज्ञान — मोहितराम वर्मा की जमीन विवाद के समाधान का दिलाया भरोसा
रेड क्रॉस की ओर से बताया गया कि योजना के अनुसार दुर्घटना में घायल व्यक्ति का 1 लाख 50 हजार रुपए तक का उपचार निशुल्क किया जाएगा। यह राशि सीधे गृह मंत्रालय द्वारा संबंधित अस्पताल के बैंक खाते में भेजी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना आयुष्मान भारत योजना से अलग है।
यह खबर भी पढ़ें 👉 राजस्व मंत्री के गृह जिले में 15 वर्षों से न्याय की तलाश: हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी जमीन पर नहीं मिला कब्जा, बुजुर्ग पीड़ित ने दी आत्मदाह की चेतावनी
सीएमएचओ डॉक्टर राजेश अवस्थी ने बताया कि हाल ही में सिमगा के दरचुरा में बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत के मामले में भी घायलों के उपचार के लिए 1.50 लाख रुपए तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। अधिकारियों ने अपील की कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को ऐसे अस्पताल में ही भर्ती कराया जाए, जहां आवश्यक इलाज की पूरी व्यवस्था हो, ताकि समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










