आम तोड़ने गए 12 साल के बच्चे से बर्बरता: अदानी अंबुजा फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड्स ने की अमानवीयता की हद पार

आम तोड़ने गए 12 साल के बच्चे से बर्बरता: अदानी अंबुजा फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड्स ने की अमानवीयता की हद पार

क्राइम रिपोर्टर|बलौदा बाजार

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के रवान स्थित अदानी अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और बर्बरता वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय नाबालिग बालक को आम तोड़ने के मामूली आरोप में सिक्योरिटी गार्ड्स द्वारा बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह बेहोश हो गया।

 

आम तोड़ने गए 12 साल के बच्चे से बर्बरता: अदानी अंबुजा फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड्स ने की अमानवीयता की हद पार
मारपीट में घायल किशोर।

वायरल हो रहे वीडियो और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, बालक बेहद गरीब परिवार से है और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बताया जा रहा है कि आम के लालच में वह अदानी अंबुजा सीमेंट प्लांट की दीवार पर चढ़कर पेड़ से आम तोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद गार्ड्स ने उसे बहलाकर अंदर बुलाया और फिर चोरी का आरोप लगाते हुए तीन सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर उसे उठाकर जमीन पर पटक-पटक कर मारा, मानो किसी फुटबॉल की तरह उछाल रहे हों।
घटना के दौरान कुछ बच्चों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है। बाद में बच्चों ने ही पीड़ित के भाई को इस घटना की जानकारी दी। जब उसका भाई मौके पर पहुंचा, तो बालक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसे होश में लाने की कोशिश कर किसी तरह फैक्ट्री परिसर से बाहर लाया गया और घर ले जाया गया।

आरोप है कि घटना के बाद फैक्ट्री से जुड़े कुछ लोगों ने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया कि वे एफआईआर दर्ज न कराएं, जिससे डरे-सहमे परिवार ने शुरुआत में चुप्पी साध ली। हालांकि, मामला सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप किया। विभिन्न दल के नेताओं ने पीड़ित के घर जाकर उनके डर को दूर करने ढाढस बंधाया। साथ ही बालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा को जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सूचना देकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

सलोनी पंचायत में भ्रष्टाचार: जनपद पंचायत की जांच में सरपंच-सचिव की मिली गड़बड़ी फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

इसके बाद करीब 50 से 60 ग्रामीण कोतवाली थाने पहुंचे, जहां प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए जहां बालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी एकजुट नजर आए। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस किस तरह से कार्रवाई करती है।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...