भारतीय रेलवे ने किया जोगिरा सारा रा-रा: अब आसान सफर के लिए होली पर चलेंगी 1,410 ट्रेनें

भारतीय रेलवे ने किया जोगिरा सारा रा-रा

भारतीय रेलवे ने किया जोगिरा सारा रा-रा: अब आसान सफर के लिए होली पर चलेंगी 1,410 ट्रेनें

परिवहन डेस्क | बिलासपुर

भारत की संस्कृति ऐसी है, जहां हर ऋतु अपने साथ अलग-अलग रंग और उत्सव लेकर आती है। बसंत के साथ फाल्गुन का महीना दस्तक देते ही खेतों में गेहूं, चना, मसूर, सरसों और अलसी की फसलें जवानी पर पहुंचकर लहलहाने लगती हैं। आम, महुआ, साल और पलाश के पेड़ों पर खिले फूलों तथा नए कोपलों की ताजगी पूरे वातावरण को उल्लास से भर देती है। वहीं नगाड़ों, मादर और झांझ की गूंज के बीच फाग गीतों की तान, गुझिया, खुरमी और पुए जैसे देशी पकवानों की खुशबू मन को गांव-घर की ओर खींच ले जाती है।

भारतीय रेलवे ने किया जोगिरा सारा रा-रा

यही वह मौसम होता है, जब रोजगार और नौकरी के लिए दूर बसे लोग उसी तरह अपने गांवों की राह पकड़ते हैं, जैसे सांझ होते ही परिंदे अपने घोंसलों की ओर लौट जाते हैं। इस बार ऐसे ही प्रवासियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक माह पहले ही “जोगिरा सारा रा-रा” का राग छेड़ दिया है। होली से पहले 1,410 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा कर रेलवे ने साफ संकेत दे दिया है कि त्योहार पर घर पहुंचना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक होगा।

रिकॉर्ड स्तर पर चलेंगी होली स्पेशल ट्रेनें

आगामी होली पर्व के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा इस वर्ष अपने नेटवर्क पर रिकॉर्ड संख्या में 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की योजना बनाई गई है, जिसे बढ़ाकर लगभग 1,500 ट्रेनों तक किया जाएगा। इन विशेष ट्रेनों का संचालन त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए प्रमुख गंतव्यों के बीच बेहतर और सुचारु संपर्क सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है। ये ट्रेनें मुख्य रूप से मार्च माह में संचालित होंगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हर वर्ष होली के समय बड़ी संख्या में यात्री अपने गृह नगरों की ओर रवाना होते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों पर भारी दबाव बन जाता है। इसी अनुभव के आधार पर इस बार पहले से व्यापक तैयारी की गई है। उल्लेखनीय है कि होली 2025 के दौरान कुल 1,144 स्पेशल ट्रेन फेरों का संचालन किया गया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने जा रही है।

क्षेत्रवार परिचालन की पूरी रूपरेखा

क्षेत्रवार योजना के अनुसार मध्य रेलवे द्वारा 209, पश्चिम रेलवे द्वारा 231, पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सर्वाधिक 285 तथा दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा 160 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा उत्तरी रेलवे 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे 71 विशेष ट्रेनें चलाएगा। यात्रियों की सुविधा को और सुदृढ़ करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे 66, उत्तर पूर्व रेलवे एवं पूर्व तटीय रेलवे 62-62, दक्षिण पश्चिम रेलवे 47 तथा पश्चिम मध्य रेलवे 43 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। वहीं दक्षिण रेलवे 39, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 15, कोंकण रेलवे 9 और उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे 2 विशेष ट्रेनें संचालित करेगा, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉 https://unfearnews.com/16282

यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि

भारतीय रेल ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु संचालन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में अतिरिक्त ट्रेनों के साथ-साथ स्टेशनों पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है तथा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...