
CBI ने भूपेश बघेल, देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के ठिकानों पर छापा मारा। सेक्स सीडी कांड और महादेव सट्टा मामले में जांच तेज, जानें पूरा मामला।

CBI RAID: पूर्व सीएम भूपेश बघेल, देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के ठिकानों पर छापा, जानिए पूरा मामला!
सेंट्रल डेस्क| रायपुर
छत्तीसगढ़ में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई हुई है। बुधवार सुबह भिलाई और रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस रेड का संबंध महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले और चर्चित सेक्स सीडी कांड से जोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम दिल्ली से विशेष निर्देशों के तहत पहुंची और सर्च वारंट के आधार पर कार्रवाई शुरू की। इस छापेमारी में कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए जाने की सूचना है।
बता दें कि सीबीआई की टीम सीआरपीएफ की टुकड़ी के साथ भिलाई और रायपुर में 10 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी है। भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पदम नगर निवास, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव का सेक्टर 5 स्थित आवास और पुलिस महानिरीक्षक आनंद छाबड़ा का सेक्टर 9, सड़क 17 स्थित बंगला में छापा मारकर जांच की है। वहीं रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सरकारी बंगला, पुलिस महानिरीक्षक आरिफ शेख और प्रशांत अग्रवाल के आवास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक महेश्वरी और अनिल टुटेजा के घर, भिलाई-3 में पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर का बंगला पर सीबीआई की टीम ने कई घंटों तक तलाशी ली और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की।
सूत्रों के अनुसार, भिलाई में पदम नगर स्थित भूपेश बघेल के निवास, विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर 5 स्थित घर और पुलिस महानिरीक्षक आनंद छाबड़ा के सेक्टर 9, सड़क 17 स्थित बंगले पर तलाशी ली जा रही है। रायपुर में भी पूर्व मुख्यमंत्री के सरकारी बंगले, पुलिस अधिकारियों आरिफ शेख, प्रशांत अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक महेश्वरी के घर पर छापेमारी जारी है। इसके अलावा 32 बंगले स्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, भिलाई-3 में पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े केपीएस संचालक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज संचालक त्रिपाठी के ठिकानों पर भी कार्रवाई चल रही है। जानकारी मिल रही है कि CBI की यह छापेमारी महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है। टीम संदिग्ध दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। छापेमारी से छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
सीबीआई की रेड के बाद भूपेश बघेल का बयान
सीबीआई की कार्रवाई के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि अब सीबीआई आई है। आगामी आठ और नौ अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में एआईसीसी की बैठक होनी है। मैं इस बैठक की ड्राफ्टिंग कमेटी में शामिल हूं और आज ही दिल्ली जाने वाला था। लेकिन उससे पहले सीबीआई मेरे रायपुर और भिलाई स्थित आवासों पर पहुंच चुकी है। बघेल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया और इसे लोकसभा चुनाव से जोड़कर देखा।
क्या है सेक्स सीडी कांड?
27 अक्टूबर 2017 को छत्तीसगढ़ में एक कथित अश्लील सीडी कांड सामने आया था। इसमें एक वरिष्ठ मंत्री के आपत्तिजनक वीडियो होने का दावा किया गया था। तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने इस सीडी को लेकर बयान दिया था कि इसमें मंत्री राजेश मूणत शामिल हैं। इसके बाद मामले में कार्रवाई शुरू हुई और एफआईआर दर्ज किया गया। इसमें कैलाश मुरारका, पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार विनोद वर्मा, विजय पांड्या, विजय भाटिया और रिंकू खनूजा (अब दिवंगत) को आरोपी बनाया गया था।रायपुर कोर्ट में सेक्स सीडी मामले में भूपेश बघेल को बरी किए जाने के खिलाफ सीबीआई ने पुनर्विचार याचिका दायर की है।
महादेव ऑनलाइन सट्टा कांड से कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी का संबंध महादेव ऑनलाइन सट्टा एप घोटाले से भी जोड़ा जा रहा है। दावा है कि महादेव सट्टा कांड में 5000 करोड़ रुपए से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का कनेक्शन सामने आया था। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पहले ही छत्तीसगढ़ के कई नेताओं और कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया था। अब सीबीआई इस मामले में भी नए साक्ष्य जुटा सकती है।
सीबीआई जांच पर गरमाई राजनीति
सीबीआई की छापेमारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। कांग्रेस ने जहां इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया और आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं भाजपा ने कहा कि सीबीआई एक स्वतंत्र एजेंसी है और वह कानून के अनुसार काम कर रही है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










