
छत्तीसगढ़ में गौ तस्करी! दंडवत यात्रा कर प्रशासन को सौंपी गई नामजद तस्करों की सूची, जानिए पूरे मामले को!
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गौ तस्करी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में गणेशपुर विश्रामपुर से कलेक्ट्रेट तक दंडवत यात्रा निकाली गई।
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गौ तस्करी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में गणेशपुर विश्रामपुर से कलेक्ट्रेट तक दंडवत यात्रा निकाली गई। यह यात्रा गौ सेवा से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता ओमेश बिसेन के नेतृत्व में शुरू हुई और 24 मार्च को बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर गौ तस्करी पर रोक लगाने, गौवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाने और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस दंडवत यात्रा में शामिल गौ सेवकों और हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार से गौ तस्करी और गौ मांस विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। ज्ञापन में गौ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, दोषियों को कठोर दंड देने, गौवंश संरक्षण के लिए सरकारी योजनाओं को मजबूत करने और भारतीय नस्ल की गायों के पालन-पोषण को बढ़ावा देने की अपील की गई।
गौ सेवक ओमेश बिसेन ने बताया कि गणेशपुर विश्रामपुर इलाके से बड़ी संख्या में गौ तस्करी के मामले सामने आए हैं। इस क्षेत्र से नामजद गौ तस्करों की शिकायत प्रशासन को सौंप दी गई है, जिसमें गौवंश को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश ले जाने की बात सामने आई है। उन्होंने प्रशासन से तस्करों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बिसेन ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य गौ प्रतिष्ठा था, गणेशपुर विश्रामपुर से जो लोग गौ तस्करी करते हैं उनका नाम प्रशासन को उपलब्ध कराया गया है। इस क्षेत्र में बहुत सारे लोग गौ तस्करी करते हैं उन पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा गौ तस्करी में जिनके द्वारा बल दिया जा रहा है उन पर भी रोक लगाई जाए। ऐसी यात्रा का एक उद्देश्य यह भी है कि गाय को राजमाता राष्ट्र माता का प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए और उसे घोषित किया जाए। इस क्षेत्र में इलू मसीह जैसे गौ तस्कर हैं जो सिंडिकेट चलाते हैं, विवेक तिवारी, मनोज जंघेल, कुंदन पांडे, रजत मिश्रा, राकेश जायसवाल जैसे तस्कर हैं जो इस क्षेत्र में सुरक्षित हैं। कुछ भी करते हैं यहां आकर छिप जाते हैं, सिमगा में और बलौदा बाजार में आकर छिप जाते हैं। इनको संरक्षण न दिया जाए यहां पर, उनके खिलाफ कार्रवाई हो। क्योंकि यह पेटीएम के द्वारा पैसा मांगा कर पैदल और ट्रकों से तस्करी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के सब संज्ञान में है। हालांकि एक बार कार्रवाई कर बहुत बड़ा कार्य कर दिया है, यहां से और पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में गोवंश बाहर जा रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा केंद्र गणेशपुर विश्रामपुर ही है। लोगों को जागरूक करने के लिए दंडवत यात्रा की गई ताकि लोग जागरुक होकर ऐसे तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कराएं तभी गौ तस्करी बंद होगी गौ हत्या बंद होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ तस्करों को राजनीतिक लोग संरक्षण दे रहे हैं, सिमी के कार्यकर्ता सबसे बड़ा संरक्षण गौ तस्करों को दे रहे हैं।
बजरंग दल ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल
बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने कहा कि प्रशासन ने कुछ हद तक इस मामले में कार्रवाई की है, लेकिन इसे और कठोर करने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि गौ तस्करी को पूरी तरह रोकने के लिए स्थायी निगरानी तंत्र विकसित किया जाए।
दंडवत यात्रा में महिलाओं की भी भागीदारी
इस यात्रा में महिला गौ सेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। दंडवत यात्रा करने वाली मेघा चौहान ने कहा कि अगर गौ तस्करी पर रोक नहीं लगी, तो हम आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार को गौ तस्करों के खिलाफ सख्त कानून बनाना चाहिए, नहीं तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने उठाई कठोर कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय बजरंग दल के महामंत्री मुकेश चक्रधारी ने दावा किया कि गणेशपुर विश्रामपुर इलाके से गौ तस्करों द्वारा बड़ी संख्या में गायों को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
प्रशासन का आश्वासन
बलौदा बाजार की डिप्टी कलेक्टर सीमा ठाकुर ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन गौ तस्करी के मामलों को गंभीरता से ले रहा है और इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










