कर्ज में डूबा ट्रांसपोर्टर बना बाइक चोर, चार दिन में चार वारदात के बाद हुआ गिरफ्तार

क्राइम रिपोर्टर|बलौदा बाजार

ट्रांसपोर्टिंग बिजनेस में घाटे और कर्ज के बोझ से दबे एक युवक ने अपराध का रास्ता अपनाते हुए मोटरसाइकिल चोरी को कमाई का जरिया बना लिया। चार दिनों में चार अलग-अलग जगहों से गाड़ियां चुराने वाले इस आरोपी को भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस गिरफ्त में बाइक चोर।

पुलिस के अनुसार भाटापारा के मातादेवालय वार्ड निवासी तरुण निकुसे (22) ट्रांसपोर्टिंग बिजनेस करता था। जिसमें उसे भारी नुकसान हुआ था, जिसके चलते उसकी दो गाड़ियां फाइनेंस कंपनी ने जब्त कर लीं। तीसरी गाड़ी की किस्त भरने और कर्ज चुकाने के लिए उस पर भारी दबाव था, इसके लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी करने का फैसला किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले पेट्रोल पंप में मैनेजर के रूप में काम कर चुका था। वहां उसने देखा कि लोग अक्सर अपनी गाड़ियों को बिना लॉक किए छोड़ देते हैं। इसी आदत का फायदा उठाकर उसने बिना लॉक किए गाड़ियों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई। साथ ही घटना को अंजाम देना शुरू कर दिया। आरोपी के खिलाफ थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 182/2025 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चार दिन में की चार चोरी

आरोपी ने अलग-अलग जगहों से चार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने जांच में पाया कि 9 मार्च को रायपुर के तिल्दा-नेवरा में शादी समारोह के बाहर से बिना लॉक की स्कूटी चोरी की, इसके बाद 10 मार्च को तिल्दा-नेवरा से ही एक नीली स्कूटी चोरी की। वहीं 12 मार्च को भाटापारा के सतनाम टॉवर के पास से बिना नंबर की एक्टिवा गायब की और 15 मार्च को अर्जुनी शराब दुकान के पास से होंडा शाइन मोटर साइकिल को पार कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपी को ट्रेस किया। पुलिस हिरासत में लिए जाने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने आरोपी के पास से 1.80 लाख रुपए कीमत की तीन स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

मोटरसाइकिल चोरी का मकसद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की गई गाड़ियां बेचकर या गिरवी रखकर कर्ज चुकाने की योजना बना रहा था। उसने स्वीकार किया कि वाहन मालिकों की लापरवाही बिना लॉक किए गाड़ियां छोड़ना उसकी सबसे बड़ी ताकत बन गई थी।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *