बीजापुर-दंतेवाड़ा सरहद पर बड़ी मुठभेड़, 18 नक्सलियों के शव बरामद, भारी मात्रा में हथियार जब्त

क्राइम डेस्क| रायपुर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक 18 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। यह मुठभेड़ थाना गंगालूर क्षेत्र के जंगलों में हुई, जहां सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान के तहत निकली थी। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 7 बजे से ही सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बलों में बीजापुर DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), STF (स्पेशल टास्क फोर्स) और CRPF की कोबरा बटालियन शामिल है। माओवादी विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों के एक बड़े दल के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद जवानों ने इलाके को घेरकर कार्रवाई शुरू की। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है, लेकिन बीजापुर DRG के एक जवान ने अपनी जान गंवा दी। जवान की शहादत के बाद भी सुरक्षाबलों का मनोबल ऊंचा है, और इलाके में तलाशी अभियान जारी है। बताया जा रहा है कि जंगलों में अभी भी कुछ नक्सली छिपे हुए हैं, जिनकी तलाश के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

मुठभेड़ स्थल से अब तक बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इसमें AK-47, इंसास राइफल, देशी हथियार, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। यह मुठभेड़ नक्सलियों के लिए एक और बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले भी सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 नक्सलियों को मार गिराया था।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा, सर्च ऑपरेशन तेज

घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और माओवादियों की तलाश के लिए ड्रोन व अन्य आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस इलाके में नक्सलियों का एक बड़ा गुट सक्रिय था, जिसे सुरक्षा बलों ने घेरकर करारा जवाब दिया है।

नक्सल विरोधी अभियानों में लगातार मिल रही सफलता

छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आते हैं। पिछले कुछ वर्षों में सुरक्षा बलों ने इन इलाकों में कई सफल अभियानों को अंजाम दिया है। हाल ही में, बीजापुर जिले में हुई एक और मुठभेड़ में 30 नक्सलियों को मार गिराया गया था। अब इस नई कार्रवाई से नक्सलियों की कमर और कमजोर हुई है।

 

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *