
41वां वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा: अम्बुजा सीमेंट्स लिमिटेड में बारूद के रखरखाव और सदुपयोगिता विषय पर हुआ आयोजन
प्रशासनिक रिपोर्टर|बलौदा बाजार
अम्बुजा सीमेंट्स लिमिटेड, यूनिट भाटापारा के रवान और मल्दी मोपर लाइमस्टोन माइंस में खान सुरक्षा महानिदेशालय, बिलासपुर और रायगढ़ रीजन के तत्वाधान में 7 दिसंबर से लेकर 9 दिसंबर, 2025 तक 41वां वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा समारोह किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय बारूद का रखरखाव तथा सदुपयोगिता रखा गया, जिसका उद्देश्य खदानों में सुरक्षा के मानकों को मजबूत करना, कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना और शून्य दुर्घटना के लक्ष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

सुरक्षा पखवाड़ा के दौरान डीजीएमएस द्वारा नामित निरीक्षण दल ने रवान और मल्दी मोपर लाइमस्टोन माइंस के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत अवलोकन किया। टीम ने सुरक्षा से जुड़े सभी मापदंडों पर खदान संचालन की व्यवस्थित तैयारी की सराहना की और अम्बुजा सीमेंट्स द्वारा लागू की गई सुरक्षा संस्कृति तथा सर्वोत्तम प्रणालियों पर संतोष व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें 👉 छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों का कत्लेआम: बाघ, तेंदुआ और गौर तक सुरक्षित नहीं, प्रदेश में शिकारियों के हौसले बुलंद – Un Fear News
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एजेंट माइंस मनोज शंकर सिंह ने किया। उन्होंने खदानों में सुरक्षा और सावधानियों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षा सिर्फ नियमों का पालन नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी के जीवन का आवश्यक हिस्सा भी है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन खदान कर्मियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और टीम को अधिक सतर्क, संवेदनशील और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं।
यह भी पढ़ें 👉 टाइगर सफारी पर सुप्रीम कोर्ट की रोक: मानव–वन्यजीव संघर्ष में मौत अब प्राकृतिक आपदा, मुआवजा 10 लाख – Un Fear News
इस अवसर पर कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें शांति रंजन टिर्की (चीफ प्लांट मैनेजर), तपन कुमार बोस (माइंस मैनेजर, रवान लाइमस्टोन माइंस), मुकेश चाँद (माइंस मैनेजर, मल्दी मोपर लाइमस्टोन माइंस) सहित प्लांट के विभिन्न विभागों के प्रमुख, अम्बुजा विद्यापीठ के शिक्षक, माइंस के सभी कर्मचारी और लेडीज़ क्लब की सदस्याएँ शामिल रहीं। सभी ने इस तीन दिवसीय आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लिया।
यह भी पढ़ें 👉 ‘द इंजीनियर स चॉइस’ बना मजदूरों की मजबूरी: शोषण के आरोपों पर कुकुरडीह प्लांट में हुआ हड़ताल – Un Fear News
सुरक्षा पखवाड़े को और प्रभावी बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अम्बुजा विद्यापीठ के बच्चों ने अतिथियों के स्वागत में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। वहीं माइंस के कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा थीम पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने सुरक्षा के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।
तीन दिनों तक चले इस वार्षिक सुरक्षा पखवाड़े ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि अम्बुजा सीमेंट्स लिमिटेड सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली संस्था है, जहाँ हर गतिविधि और हर प्रक्रिया में सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










