
वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़ेंगे युवा: वन विभाग ने शुरू किया ‘युवान’ वालंटियर कार्यक्रम
बलौदा बाजार। युवाओं को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से बलौदा बाजार वनमण्डल ने ‘युवान’ (युवा+वन) वालंटियर कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस अभिनव पहल के तहत युवाओं को वन, वन्यजीव और जैव विविधता के संरक्षण कार्य में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार किया जाएगा।

वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वनों, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराना और उन्हें आवश्यक कौशल व प्रशिक्षण देना है, ताकि वे पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान दे सकें। इसके साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्व की भावना भी विकसित होगी।
कार्यक्रम के तहत युवाओं को ‘युवान वालंटियर’ के रूप में चयनित कर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में सर्पदंश से बचाव, सांपों का रेस्क्यू और उनके संरक्षण के साथ-साथ फील्ड विजिट (क्षेत्रीय भ्रमण) और व्यावहारिक ज्ञान भी शामिल रहेगा। युवाओं को समय-समय पर फील्ड में जाकर वन्यजीवों की निगरानी, पौधरोपण और पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम पूरा करने के बाद चयनित युवाओं को विभाग की ओर से प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे, जो उनके भविष्य के करियर में सहायक साबित हो सकते हैं।
इस कार्यक्रम से न केवल युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी बल्कि वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा में समुदाय का सहयोग भी मिलेगा। इससे भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
वन विभाग ने जिले के सभी महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से इस कार्यक्रम में पंजीयन कर सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अपील किया है। साथ ही विभाग ने महाविद्यालय और विद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक छात्रों को ‘युवान’ वालंटियर कार्यक्रम से जोड़ने का आग्रह किया है।
वन विभाग की यह पहल स्थानीय स्तर पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन जागरूकता का वातावरण तैयार करेगी। दावा किया जा रहा है कि ‘युवान’ वालंटियर कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तिगत विकास में सहायक होने के साथ ही उन्हें प्रकृति के करीब लाने का महत्वपूर्ण जरिया बनेगा।
Author: Deependra Shukla
मैं पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ और वर्तमान में Unfearnews में संपादक (Editor) के रूप में कार्यरत हूँ। पत्रकारिता की बारीकियों को समझने और उसे निष्पक्ष व प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का मेरा विशेष अनुभव है। मैंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से 2012-14 में गोल्ड मेडल के साथ पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है। इसके बाद ETV, News18, Dainik Bhaskar, NDTV, AajTak जैसी देश की प्रतिष्ठित मीडिया संस्थाओं के साथ काम किया है। हमारा विजन: स्वतंत्र, निष्पक्ष और शोध-आधारित पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना और जनता तक सत्य, निष्पक्ष एवं गहन विश्लेषण के साथ समाचार पहुंचाना। 📩 संपर्क करें: ✉️[deependrashukla501@gmail.com] 🌐 [unfearnews.com] [LinkedIn https://www.linkedin.com/in/deependra-kumar-shukla-12532689?utm_source=share&utm_campaign=share_via&utm_content=profile&utm_medium=android_app] 📞 [9109341789]










