
बरसते पानी में छतरी लेकर पटवारियों की रैली: काला कपड़ा पहनकर किया प्रदर्शन
पीवी एप की खामियों, वेतन विसंगति और पदोन्नति सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर 12 अक्टूबर से आंदोलन जारी, मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बलौदा बाजार। अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे राजस्व पटवारियों ने बुधवार को बरसते पानी के बीच छतरी लेकर आक्रोश रैली निकाली और प्रदर्शन किया। काले कपड़े पहनकर रैली में शामिल हुए पटवारियों ने शासन के प्रति नाराजगी जताते हुए अपनी मांगों के जल्द निराकरण की मांग की। दशहरा मैदान से तहसील कार्यालय तक निकाली गई रैली के बाद पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम पीसी कोरी को ज्ञापन सौंपा।

पटवारी 12 अक्टूबर से पीवी एप के विरोध, वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को बारिश के बावजूद पटवारियों ने अपना प्रदर्शन जारी रखा। रैली में काले कपड़े पहनकर शामिल हुए पटवारियों ने अपनी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। उनका कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं होने से उनमें नाराजगी है।

यह भी पढ़ें 👉 मदद नहीं मौका दीजिए: दिव्यांगजन अब बनेंगे उद्यमी, ‘उड़ान’ सोसाइटी को दीपावली पर गिफ्ट के लिए मिला 10 लाख का पहला ऑर्डर
गिरदावरी का काम पूरा नहीं, पीवी एप में गड़बड़ी का आरोप

रायपुर संभाग के संभाग अध्यक्ष भावेश वर्मा ने कहा कि पटवारी पिछले 15 दिनों से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि गिरदावरी का काम अभी पूरा नहीं हुआ है और पीवी एप में भी गड़बड़ी है। इसके बावजूद शासन इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रति विरोध जताने के लिए पटवारी काले कपड़े पहनकर आक्रोश रैली में शामिल हुए हैं।
यह भी पढ़ें 👉 बलौदा बाजार में भीषण हादसा: दरचुरा के पास खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, चालक-हेल्पर समेत 5 की मौत, 14 घायल
ज्ञापन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाई मांगें

जिला अध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ रजपाल सिंह सेन ने कहा कि आक्रोश रैली के माध्यम से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए जिला कार्यालय की ओर निकले हैं। ज्ञापन के जरिए पटवारियों की समस्याओं और मांगों को शासन के सामने रखा जा रहा है। उन्होंने मांगों का जल्द निराकरण किए जाने की बात कही।

वहीं, एसडीएम पीसी कोरी ने कहा कि पटवारियों ने अपनी मांगें रखी हैं। इन मांगों से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
बारिश के बीच निकाली गई रैली के जरिए पटवारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों के निराकरण तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। अब पटवारियों की मांगों पर शासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर आंदोलनरत कर्मचारियों की नजर रहेगी।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










