
बलौदा बाजार में भीषण हादसा: दरचुरा के पास खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, चालक-हेल्पर समेत 5 की मौत, 14 घायल
नेशनल हाईवे-130 पर सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे 22 यात्री; गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार तड़के भीषण हादसा हो गया। बिलासपुर-रायपुर मार्ग पर ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खराब होने के कारण खड़े ट्रक से यात्री बस पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक और हेल्पर समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए सिमगा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर स्थिति वाले यात्रियों को रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल कंपनी की यात्री बस क्रमांक CG04 NM 0859 अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी। बस में कुल 22 यात्री सवार थे। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बस सड़क पर खराब होने के कारण खड़े ट्रक क्रमांक CG 07 BL 4370 के पीछे से टकरा गई। ट्रक के पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर भी लगाया गया था।
यह भी पढ़ें 👉 मिलूपारा में खेल प्रतियोगिता: 400 से अधिक खिलाड़ियों ने कबड्डी और खो-खो में दिखाया दम
गैस कटर की मदद से यात्रियों को निकाला गया
हादसे की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में कुछ यात्री फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद ली गई। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल सिमगा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

चालक-हेल्पर समेत पांच की मौत
दुर्घटना में मृतकों की पहचान बस चालक जशपुर निवासी भागीरथी यादव, हेल्पर पवन देवांगन और समीम मोहम्मद के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल अतुल और सुंदरलाल की रायपुर ले जाने के दौरान मौत होने की पुष्टि हुई है।

गंभीर घायलों हुए रायपुर रेफर
हादसे में घायल यात्रियों में वासुदेव राव, राजेंद्र ठाकुर, सविता केंवट, बुधराम केंवट, निर्मला यादव, दुलेश्वर यादव, सुमन दीक्षित, अमन गुप्ता, अनुराग वेद, दिलीप तिवारी, सतीश भगत, अनिल यादव, कमल दास गुप्ता और पूनम टोप्पो के नाम शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल वासुदेव राव, निर्मला यादव, सुमन दीक्षित, अमन गुप्ता, सतीश भगत और अनिल यादव को बेहतर उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










