बिना लाइसेंस गंदगी के बीच चल रहा था मिठाई निर्माण, खाद्य विभाग ने 92 किलो चमचम जब्त कर बंद कराया काम

बिना लाइसेंस गंदगी के बीच चल रहा था मिठाई निर्माण, खाद्य विभाग ने 92 किलो चमचम जब्त कर बंद कराया काम

बलौदा बाजार|  रक्षाबंधन पर्व और बारिश के मौसम को देखते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए  जिले में सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान “बने खाबो-बने रहिबो 2.0” चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक पूरे जिले में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिथ्याछाप (Misbranding), भ्रामक प्रस्तुतीकरण, असुरक्षित खाद्य सामग्री तथा प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर कार्रवाई की जा रही है।

बिना लाइसेंस गंदगी के बीच चल रहा था मिठाई निर्माण

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने भाटापारा के गुरु नानक वार्ड में मिठाई निर्माण के एक ठिकाने पर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान नीरज कुमार पिता उमाशंकर, मूल निवासी रोशांगपुर, जिला औरैया (उत्तर प्रदेश) द्वारा खुले में बेहद अस्वच्छ वातावरण में चमचम मिठाई का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर मक्खियां भिनभिना रही थीं और साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई।

टीम ने जब संचालक से खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अस्वच्छ और दूषित परिस्थितियों में गंदगी के बीच मिठाई तैयार किए जाने को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से चमचम मिठाई के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

साथ ही जनस्वास्थ्य को संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर मौजूद लगभग 92 किलोग्राम चमचम मिठाई को तत्काल जब्त कर लिया गया। जब्त मिठाई को नष्टीकरण की कार्रवाई के लिए नगर निगम की गाड़ी को सौंप दिया गया।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने श्री सीमेंट की आनाकानी, 30 दिन में मांग नहीं माने तो होगा अनिश्चितकालीन प्रदर्शन

खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। साथ ही संचालक को लिखित निर्देश दिए गए हैं कि आगामी आदेश तक किसी भी प्रकार का निर्माण या व्यावसायिक कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी अक्षय सोनी ने बताया कि त्योहारों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...