
अवैध गतिविधियां: बलौदा बाजार का सट्टा, गांजा और शराब से बिगड़ रहा माहौल
बलौदा बाजार। बलौदा बाजार शहर में अवैध गतिविधियों के बढ़ते कारोबार को लेकर लगातार सूचनाएं सामने आ रही हैं। सट्टा, गांजा और अवैध शराब के कारोबार को लेकर मिल रही इन सूचनाओं ने शहर की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, इन सभी मामलों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकि है। लेकिन जिस तरह से सूचनाएं आ रही है उससे उम्मीद है कि बलौदा बाजार पुलिस, साइबर पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बलौदा बाजार में सट्टे का कारोबार कई स्थानों से संचालित होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अकेले भैंसपसरा क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 30 लाख रुपये से अधिक का सट्टा कारोबार संचालित हो रहा है। वहीं पहंदा रोड से करीब 1 लाख रुपये से अधिक, बस स्टैंड क्षेत्र से करीब 1 लाख रुपये से अधिक और गार्डन चौक से भी करीब 1 लाख रुपये से अधिक के कारोबार की सूचना मिल रही है। इसके अलावा शहर के कई अन्य स्थानों से भी सट्टे का खेल संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है।
गांजे के अवैध कारोबार को लेकर भी कई गंभीर सूचनाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक बाईपास, भैंसपसरा और पहंदा रोड सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में गांजे की बिक्री होने की जानकारी मिल रही है। इसके अलावा कुछ राजनीतिक और पुलिस से जुड़े लोगों की भूमिका पर भी सूत्रों द्वारा संदेह जताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, कसडोल से लवन की ओर गांजे की खेप पहुंचाने के दौरान कसडोल क्षेत्र में पदस्थ कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से पायलटिंग किए जाने की बात कही जा रही है। इसके बाद गांजे को बलौदा बाजार लाकर कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर थोक में सप्लाई किए जाने की सूचना है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की पुष्टि हुई है।
शराब के कारोबार को लेकर भी आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाली सूचनाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों का दावा है कि बलौदा बाजार में कोचिया गिरोह लंबे समय से सक्रिय है और कथित तौर पर शराब दुकानों से ही अवैध रूप से शराब की सप्लाई की जा रही है।
बीते दिनों कोचियागिरी बंद कराने को लेकर हुए विवाद की जानकारी भी सामने आई थी। सूत्रों का दावा है कि उस दौरान एक बड़े अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद कुछ कथित तौर पर पुराने शराब कोचिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन इसके बाद उक्त अधिकारी का तबादला हो गया। इधर आ रही सूत्रों से सूचनाओं के मुताबिक उसी अधिकारी ने संरक्षण देकर लाखों रुपए कमाए और शराब कोचिया का एक बड़ा गिरोह बलौदा बाजार में सक्रिय कर गया है, जिसके द्वारा अब बलौदा बाजार की तस्वीर नशे पैराग्राफ में बढ़ा रहे हैं। सूत्रों से यह बात भी सामने आई है कि शहर की दोनों शराब दुकानों में पदस्थ कुछ सेल्समैन और सुपरवाइजर की भूमिका संदेह के दायरे में है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि प्रतिदिन सुबह शराब दुकान खुलने के समय ही कथित तौर पर कोचियों को बड़ी मात्रा में शराब उपलब्ध करा दी जाती है। देशी शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचने यानी ओवररेट के पीछे भी इसी कथित नेटवर्क की भूमिका होने की बात कही जा रही है। इस पूरे मामले में प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
भर्ती में लाखों रुपये लेने के आरोप
सूत्रों के मुताबिक, शराब दुकानों में कर्मचारियों की भर्ती के लिए प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा कथित तौर पर 1 से 3 लाख रुपये तक की राशि तय किए जाने की बात कही जा रही है। दावा है कि इसी राशि की कथित भरपाई के लिए शराब की बिक्री में ओवररेट का खेल चलाया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए किसी का नाम खबर में नहीं लिखा जा रहा है लेकिन कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा। यह भी पढ़ें 👉 स्थानीय युवाओं की अनदेखी: श्री सीमेंट के खिलाफ 21 अगस्त को होगा उग्र आंदोलन
शहर में लगातार सामने आ रही इन सूचनाओं के बीच अब पुलिस, साइबर पुलिस और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। यदि इन सूचनाओं में सच्चाई है तो अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर कार्रवाई की जरूरत है, ताकि शहर में सट्टा, गांजा और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
स्वास्थ्य सेवा विस्तार: ईएसआईसी अस्पताल के लिए केंद्रीय मंत्री से मिले राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा
पाठकों के लिए विशेष नोट: इस खबर में सट्टा, गांजा और शराब के अवैध कारोबार तथा कुछ वर्तमान एवं पूर्व पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, राजनीतिक लोगों और अन्य व्यक्तियों की कथित भूमिका से संबंधित जानकारी सूत्रों के हवाले से दी गई है। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभागों या व्यक्तियों का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। अगर आपको इसकी जानकारी मिलती है तो आप भी हमें इसकी पुष्टि कर सकते हैं, हमारी पूरी टीम आपकी गोपनीयता को बरकरार रखते हुए उन चेहरों को बेनकाब करेंगे जो बलौदा बाजार शहर का नाम खराब कर रहे हैं।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










