17 गांवों में बनेंगे मुक्तिधाम शेड, 97.92 लाख रुपए स्वीकृत

बारिश-गर्मी में नहीं होगी परेशानी: 17 गांवों में 97.92 लाख से बनेंगे मुक्तिधाम शेड और प्रतीक्षालय

बारिश-गर्मी में नहीं होगी परेशानी: 17 गांवों में 97.92 लाख से बनेंगे मुक्तिधाम शेड और प्रतीक्षालय

बलौदा बाजार। बारिश और भीषण गर्मी के दौरान अंतिम संस्कार और अंतिम क्रियाकर्म में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से अब राहत मिलेगी। बलौदाबाजार और सिमगा विकासखंड के 17 गांवों में 97.92 लाख रुपए की लागत से मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रत्येक ग्राम के लिए 5.76 लाख रुपए की लागत से इन निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी है। इससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से बचने के साथ ही बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

17 गांवों में 97.92 लाख से बनेंगे मुक्तिधाम शेड और प्रतीक्षालय
टंक राम वर्मा राजस्व मंत्री।

ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार और अंतिम क्रियाकर्म के दौरान होने वाली असुविधाओं को दूर करने की दिशा में यह स्वीकृति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्वीकृत सभी निर्माण कार्य ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में मदद करेंगे।

इन गांवों में होंगे निर्माण कार्य

राजस्व मंत्री द्वारा 5.76 लाख रुपए प्रति ग्राम के अनुसार स्वीकृत सूची में सिमगा तथा बलौदाबाजार विकासखंड के कुल 17 गांव शामिल हैं।

सिमगा विकासखंड में बिटकुली, बासीन (खैरवारी), धोबनीडीह (बुडगहन) एवं अमेरी (कसहीडीह) में मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा।

इसी तरह बलौदाबाजार विकासखंड के ढनढनी (खैरवारडीह), करमनडीह, मगरचबा (खैरघटा), लिमाही (गोड़खपरी), भरुवाडीह (पौसरी/चांपा एवं ढाबाडीह), भाठागांव-स, रसेड़ा (रसेड़ा), शुक्लाभाठा (सोनपुर), चौरटी (चौरटी एवं अचानकपुर), ढाबाडीह, अचानकपुर, झोंका तथा सेमराडीह में भी मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय का निर्माण होगा।

बारिश और गर्मी में ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

स्वीकृति के अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और हर नागरिक तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार का मुख्य ध्येय है। मुक्तिधाम में शेड और प्रतीक्षालय नहीं होने के कारण ग्रामीणों को विशेषकर बारिश और भीषण गर्मी के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि इन स्वीकृतियों से अब अंतिम संस्कार के समय लोगों को एक सम्मानजनक और सुविधापूर्ण वातावरण मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और विकास का यह सिलसिला आगे भी अनवरत जारी रहेगा।

ग्रामीणों में हर्ष की लहर

17 प्रमुख गांवों में 97.92 लाख रुपए के मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामीणों ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से बरसात और गर्मी के मौसम में होने वाली विकट समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉 सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान: गावों में आज से होगी शिविर

ग्रामीणों का कहना है कि मुक्तिधाम में शेड और प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध होने से अंतिम संस्कार के दौरान बारिश, तेज धूप और गर्मी से बचाव होगा। इससे ग्रामीणों को कठिन परिस्थितियों में काफी सुविधा मिलेगी और अंतिम क्रियाकर्म के लिए आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...