
ताइक्वांडो प्रतियोगिता: 6वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय स्वर्ण कप का 30 जनवरी से, 18 जिलों के 550 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
स्पोर्ट्स डेस्क| बिलासपुर
छत्तीसगढ़ में ताइक्वांडो खेल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही छठवीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय स्वर्ण कप आमंत्रण ताइक्वांडो प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 30 जनवरी को शाम 4 बजे किया जाएगा। यह प्रतियोगिता इंडोर स्टेडियम, स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान, बाहतराई, बिलासपुर में संपन्न होगी।

छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ, बिलासपुर के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने बताया कि इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से 550 प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मरक्षा तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। ताइक्वांडो जैसे अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट खेल के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर बिलासपुर संजय अग्रवाल, सेंट जेवियर्स हाई स्कूल बिलासपुर के प्राचार्य जितेंद्र सिंह हुंडल तथा अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं जज संतोष श्रीरंगम शामिल होंगे। इसके साथ ही खेल जगत एवं सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएँगी।

आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताया कि प्रतियोगिता में पाँच आयु वर्गों एवं 88 भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्री-स्कूल, सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक-बालिका तथा महिला-पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ के महासचिव रामपुरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, निर्णायक व्यवस्था तथा दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप कराए जाएंगे।
यह भी पढ़ें 👉 राष्ट्रीय महिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता: छत्तीसगढ़ की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, 15 पदक किए अपने नाम – Un Fear News
आयोजन समिति ने प्रदेशवासियों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...









