बलौदा बाजार पुलिस की बर्बरता: धन उगाही के समय रकम नहीं देने पर पुलिसकर्मियों ने बरपाया कहर
बलौदा बाजार पुलिस की बर्बरता देखने को मिली, गिधौरी थाना पुलिस पर अवैध वसूली और बर्बर मारपीट का आरोप। पीड़ित ने एसपी, आईजी, डीजीपी को शिकायत भेजी, प्राइवेट पार्ट पर डंडे से पिटाई का आरोप।
क्राइम रिपोर्टर|बलौदा बाजार
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में पुलिसकर्मियों पर बर्बरता करने के गंभीर आरोप लगे हैं। गिधौरी थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित जितेंद्र गोंड ने पुलिस आरक्षक, एएसआई और अन्य पुलिसकर्मियों पर बेरहमी से पिटाई, बर्बरता करने और अवैध वसूली का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी बलौदा बाजार के साथ-साथ आईजी और डीजीपी को लिखित शिकायत भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक सहित उच्च अधिकारियों को की गई शिकायत।
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित जितेंद्र गोंड रेत का परिवहन करता है। पिछले कई महीनों से पुलिसकर्मी उससे जबरन पैसे मांग रहे थे। आरोप है कि 20 सितंबर की रात लगभग 2:40 बजे गिधौरी थाना में तैनात आरक्षक अमित राय, एएसआई तिलक ठाकुर और माइंस इंस्पेक्टर के साथ मौजूद पुलिसकर्मी होमगार्ड व्यास श्रीवास ने रकम बढ़ाने की मांग की। जब पीड़ित ने अधिक राशि देने से इंकार किया तो पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया और डंडे से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि व्यास श्रीवास्तव ने पीड़ित के प्राइवेट पार्ट, जांघ, पैर, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर बर्बरता से वार किए। इस मारपीट में जितेंद्र गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित पर की गई पुलिस बर्बरता की तस्वीर।लाठी डंडे से पिटाई की चोट।
पीड़ित ने शिकायत में कहा है कि शोर सुनकर मौके पर शिवा गोंड, शांतु सोनवानी और रामकुमार पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी गाली-गलौज और धमकी दी। इसके बाद पीड़ित का रेत से भरा वाहन जब्त कर लिया गया।
पहले भी मिली थी धमकी
जितेंद्र गोंड ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी व्यासश्रीवास ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उसने इसकी शिकायत गिधौरी थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि पुलिसकर्मी और व्यास श्रीवास मिलकर उसके खिलाफ साजिश रच रहे हैं।
उच्च अधिकारियों तक पहुंची शिकायत
घटना के बाद पीड़ित ने बकायदा मेडिकल रिपोर्ट और चोटों के फोटो संलग्न करते हुए शिकायत की प्रतियां पुलिस अधीक्षक बलौदा बाजार, पुलिस महानिरीक्षक रेंज और पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ रायपुर को भेजी हैं।
पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग
जितेंद्र गोंड ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी आरक्षक अमित राय, एएसआई तिलक ठाकुर और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। व्यास श्रीवास सहित सभी दोषियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो। उसे न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच हो।
करवाई पर सबकी निगाहें
गिधौरी थाना पुलिस पर लगे इस गंभीर आरोप से विभाग की छवि सवालों के घेरे में आ गई है। मामला सीधे डीजीपी और आईजी तक पहुंच चुका है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी बलौदा बाजार पुलिस की इस कथित बर्बरता पर क्या कदम उठाते हैं।
रेत तस्कर पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कसडोल एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक ने बताया कि रात में खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम रेत तस्करों पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई की थी। पुलिस पर दबाव बनाने के लिए इस तरह की शिकायत की गई है। जब रेत तस्कर को रोक गया तो वह गाली देने लगा, देर रात रेत तस्करों पर कार्रवाई के दौरान घटना हुई है, चोट के निशान हैं तो उसकी जांच की जाएगी।
क्षेत्र में खनन तस्कर हैं सक्रिय, पहले भी हो चुकी है घटना
बलौदा बाजार जिले में एक बार फिर खनन तस्कर सक्रिय हो गए हैं। नियमित कार्रवाई नहीं हो पाने से पहले भी खनन तस्कर सक्रिय हुए थे, कुछ माह पहले गिधौरी थाना क्षेत्र में एक चौराहे पर तस्करों द्वारा पिटाई की वीडियो सामने आई थी। इसके बाद खदान संचालन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया था।
मैं पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ और वर्तमान में Unfearnews में संपादक (Editor) के रूप में कार्यरत हूँ। पत्रकारिता की बारीकियों को समझने और उसे निष्पक्ष व प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का मेरा विशेष अनुभव है। मैंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से 2012-14 में गोल्ड मेडल के साथ पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है। इसके बाद ETV, News18, Dainik Bhaskar, NDTV, AajTak जैसी देश की प्रतिष्ठित मीडिया संस्थाओं के साथ काम किया है। हमारा विजन: स्वतंत्र, निष्पक्ष और शोध-आधारित पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना और जनता तक सत्य, निष्पक्ष एवं गहन विश्लेषण के साथ समाचार पहुंचाना। 📩 संपर्क करें: ✉️[deependrashukla501@gmail.com] 🌐 [unfearnews.com] [LinkedIn https://www.linkedin.com/in/deependra-kumar-shukla-12532689?utm_source=share&utm_campaign=share_via&utm_content=profile&utm_medium=android_app] 📞 [9109341789]