
क्राइम रिपोर्टर| बलौदा बाजार
युवाओं में हथियार रखकर प्रदर्शन करने का चलन बढ़ता जा रहा है। चाकू, तलवार और बंदूक जैसे हथियारों के रखने के साथ ही उसका सोशल मीडिया पर दिखावा करना युवाओं की शान बनती जा रही है। यह सब देखने के बाद भी पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है, यदा कदा कुछ मामलों में पुलिस कार्रवाई कर भी रही है, लेकिन उन मामलों में पुलिस ठंडी पड़ रही है जिसमें सख्ती बरतना चाहिए। या यूं कहे कि ऐसे हथियारबाजों को देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए हैं।

जानकारी के मुताबिक बलौदा बाजार जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र में एक युवक का तलवार से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुलेआम तलवार लहराते हुए नजर आ रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आ रही शिकायतों के मुताबिक युवक की पहचान सूरज साहू, निवासी ग्राम बरेली, थाना गिधौरी के रूप में हुई है। यही नहीं, युवक ने सोशल मीडिया पर बंदूक लिए हुए अपनी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस तरह के कृत्य समाज में गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं। स्थानीय लोग इस घटना से नाराज हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की हरकतें युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही हैं और भविष्य में अपराध बढ़ने की संभावना है। सवाल यह भी उठ रहा है कि युवक के पास तलवार और बंदूक आई कहां से? क्या यह सिर्फ दिखावे के लिए किया गया या इसके पीछे कोई और मंशा थी? या फिर युवक अपराध करने के लिए एक नया गिरोह तैयार कर रहा है। बहरहाल पुलिस अब तक इस मामले में हाथ पर हाथ धरे बैठी है। पुलिस चौकी गिरौदपुरी, थाना गिधौरी, पुलिस अधीक्षक सहित तमाम अधिकारियों को इस मामले की जानकारी है, लेकिन कार्रवाई की बात की जाए तो वह शून्य है। या यू कहे कि इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस फिर इच्छाशक्ति नहीं दिखाई दे रही है। अब देखना होगा कि इस समाचार के प्रकाशन के बाद पुलिस एक्शन लेती है या फिर पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है।
रायपुर में महापौर के बेटे पर हुई थी FIR, फिर भी सबक नहीं
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में महापौर का बेटा भी इसी तरह सड़क पर जन्मदिन मनाते हुए केक काट रहा था, जिसे हाईकोर्ट ने संज्ञान में लिया था। इसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और शपथ पत्र लेकर भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी गई थी। लेकिन अब यह खतरनाक ट्रेंड युवाओं में बढ़ रहा है, जिससे अपराध को बढ़ावा मिल सकता है।
क्या पुलिस कार्रवाई करेगी या ठंडे बस्ते में जाएगा मामला
अब बड़ा सवाल यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस इसे कितनी गंभीरता से लेती है? क्या युवक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाएगा? लोगों की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं, जो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाएगा।

चाकूबाजी में जा चुकी है चार से ज्यादा जानें
बलौदा बाजार जिले में अब तक चाकू पाजी से चार से ज्यादा युवकों की जान जा चुकी है। हर हत्या की घटना में जांच के दौरान पुलिस को ऑनलाइन चाकू मिलने की जानकारी मिली है। बावजूद इसके इस तरह से हथियारों का प्रदर्शन सोशल मीडिया पर किया जाना और तलवार से केक काटकर दहशत फैलाने को रोकने की दिशा में कोई बड़ी कार्रवाई होती है इसका इंतजार होगा।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










