प्लास्टिक से कमाई, पर्यावरण की सफाई: 1105 टन कचरे का निपटान, महिलाओं को 12 लाख की आय

प्लास्टिक से कमाई, पर्यावरण की सफाई: 1105 टन कचरे का निपटान, महिलाओं को 12 लाख की आय

बलौदा बाजार। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक वेस्ट के सुरक्षित निपटान के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आय अर्जन से जोड़ने की दिशा में गृहिणी स्वयं सेवी संस्था लगातार पहल कर रही है। संस्था द्वारा बलौदाबाजार, भाटापारा, कसडोल और लवन क्षेत्रों में शासन तथा न्यूवोको सीमेंट की सक्रिय भागीदारी से अब तक 1105 टन प्लास्टिक वेस्ट का सुरक्षित निपटान किया जा चुका है। वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आय अर्जन के लिए करीब 12 लाख रुपये की आय में सहयोग दिया गया है।

प्लास्टिक से कमाई, पर्यावरण की सफाई
महिला समूह के साथ।

इसी कड़ी में खरोरा नगर पंचायत के मणिकंचन केंद्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओम प्रकाश सिंह के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में उप अभियंता राकेश सोनी, जिला समन्वयक (एसबीएस) अजित बंछोर, स्वच्छता सुपरवाइजर यशवंत वर्मा, स्वयं सहायता सुपरवाइजर ईश्वरी लहरी सहित गृहिणी संस्था की अध्यक्ष रुपा श्रीवास्तव और सचिव तोमेश वर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की सभी सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

प्लास्टिक से कमाई, पर्यावरण की सफाई
महिला समूह की सदस्यों से जानकारी देते और लेते हुए।

कार्यक्रम के दौरान गृहिणी संस्था की अध्यक्ष रुपा श्रीवास्तव ने प्लास्टिक वेस्ट संग्रहण एवं निपटान की कार्यप्रणाली, सुरक्षित कार्य पद्धति और इससे होने वाली आर्थिक आय के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्लास्टिक के सुरक्षित निवारण से पर्यावरण संरक्षण को होने वाले लाभों पर भी प्रकाश डाला।
इस दौरान स्वयं सहायता समूह की सदस्यों और अधिकारियों ने प्लास्टिक वेस्ट की आपूर्ति गृहिणी संस्था के माध्यम से करने पर सहमति जताई। इससे एक ओर जहां प्लास्टिक वेस्ट के सुरक्षित निपटान को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आय अर्जन के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

यह भी पढ़ें 👉 सेवानिवृत्त न्यायाधीश संजय अग्रवाल को अधिवक्ता संघ ने दी भावभीनी विदाई
बताया गया कि यह पूरा कार्य ‘गृहिणी अर्थ सेवर परियोजना’ के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। परियोजना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...