अधिक कीमत पर बेची जा रही डीएपी खाद जब्त, अब सील खोलकर किसानों को शासकीय दर पर कराया गया वितरण

अधिक कीमत पर बेची जा रही डीएपी खाद जब्त, अब सील खोलकर किसानों को शासकीय दर पर कराया गया वितरण

प्रशासनिक रिपोर्टर|बलौदा बाजार

करही बाजार स्थित बबला कृषि केंद्र से अधिक कीमत पर बिक्री के आरोप में जब्त की गई डीएपी खाद का कृषि विभाग ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर किसानों को शासकीय दर पर वितरण कराया। खेती के व्यस्त सीजन को देखते हुए विभाग ने सील की गई दुकान खोलकर जब्त उर्वरकों का वितरण वैज्ञानिक अनुशंसा और किसानों के भूमि रकबे के अनुसार कराया, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।

अधिक कीमत पर बेची जा रही डीएपी खाद जब्त, अब सील खोलकर किसानों को शासकीय दर पर कराया गया वितरण
किसानों को खाद का वितरण करते कृषि विभाग के अधिकारी।

गौरतलब है कि 11 जून 2026 को जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने करही बाजार स्थित बबला कृषि केंद्र में छापेमारी की थी। जांच में शासकीय निर्धारित मूल्य 1,350 रुपये की डीएपी खाद 2,700 रुपये में बेचे जाने की शिकायत सही पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए खाद जब्त कर दुकान को सील कर दिया गया था।

अधिक कीमत पर बेची जा रही डीएपी खाद जब्त, अब सील खोलकर किसानों को शासकीय दर पर कराया गया वितरण
सरकारी मूल्य पर खाद मिलने की सूचना पर पहुंची किसानों की भीड़।

कार्रवाई के दौरान उप संचालक कृषि दीपक नायक किसान के वेश में मोटरसाइकिल से दुकान पहुंचे थे। उन्होंने सामान्य ग्राहक बनकर डीएपी खाद खरीदी, जहां निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की पुष्टि होने पर पहले से तैयार उड़नदस्ता दल ने मौके पर पहुंचकर खाद जब्त की और दुकान को सील कर दिया।

अब विभाग ने किसानों की सुविधा और खेती के कार्य प्रभावित न हों, इसे ध्यान में रखते हुए दुकान की सील खोलकर जब्त खाद का शासकीय दर पर वितरण कराया। विभाग के अनुसार उर्वरकों का वितरण वैज्ञानिक अनुशंसा एवं किसानों के भूमि रकबे के अनुसार किया गया, जिससे पात्र किसानों को आवश्यकता के अनुरूप खाद उपलब्ध हो सके।

अधिक कीमत पर बेची जा रही डीएपी खाद जब्त, अब सील खोलकर किसानों को शासकीय दर पर कराया गया वितरण
दुकानदार के सामने सील खोलते अधिकारी।

वितरण के दौरान बलौदा बाजार जिले के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने समय पर शासकीय दर पर खाद उपलब्ध कराने की पहल का स्वागत किया। इस दौरान उप संचालक कृषि दीपक नायक, एसडीओ कृषि जयेंद्र कंवर, उर्वरक निरीक्षक अवधेश उपाध्याय एवं सीमांचल गौड़, कृषि विकास अधिकारी अंजना रात्रे तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण रामटेके, महेंद्र बंजारे और किसान मित्र कुंजराम देवांगन मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉 मोटर साइकिल पर किसान बनकर पहुंचे उपसंचालक: करही बाजार के बबला कृषि केंद्र में 1350 का खाद 2700 में मिला

किसान जनक राम पटेल ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई उचित है। अधिक कीमत पर खाद मिलने से किसानों की लागत बढ़ रही थी, जबकि अब शासकीय दर पर खाद मिलने से राहत मिली है। वहीं एसडीओ कृषि जयेंद्र कंवर ने बताया कि पहले अधिक कीमत पर बिक्री के मामले में दुकान को सील किया गया था, अब किसानों के हित में जब्त खाद का वितरण कराया जा रहा है।

उप संचालक कृषि दीपक नायक ने बताया कि 11 जून को शिकायत मिलने पर जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई कर दुकान को सील किया था। अब किसानों को वही खाद शासकीय दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

किसान बलवंत सिंह जांगड़े ने कहा कि प्रशासन की इस पहल से किसानों को राहत मिली है। उन्होंने मांग की कि सभी दुकानों पर किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए।

वहीं बबला कृषि केंद्र के संचालक कृष्ण कुमार देवांगन ने कहा कि उनकी दुकान नई है और करीब 20 दिन पहले ही शुरू हुई थी। उनका कहना है कि आसपास के अन्य दुकानदार जिस मूल्य पर नैनो डीएपी के साथ खाद बेच रहे थे, उसी आधार पर उन्होंने भी बिक्री की। उन्होंने इसे अनजाने में हुई गलती बताते हुए प्रशासन से सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई करने और जब्त खाद की बिक्री से प्राप्त राशि लौटाने का अनुरोध किया, ताकि वे बैंक ऋण का भुगतान समय पर कर सकें।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...