
ऊंचाई पर सुरक्षा का मजबूत संदेश: अल्ट्राटेक रावन में ‘फॉल प्रोटेक्शन रेस्क्यू डिवाइस’ का सफल प्रदर्शन
इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्टर|बलौदा बाजार
अल्ट्राटेक के रावन सीमेंट वर्क्स यूनिट परिसर में कार्यस्थल सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में टीम उदयोगी द्वारा “फॉल प्रोटेक्शन रेस्क्यू डिवाइस” का सफल प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऊंचाई पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सुरक्षित बचाव प्रक्रिया की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा सत्र से हुई, जिसमें विशेषज्ञों ने फॉल प्रोटेक्शन सिस्टम, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और जोखिम नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद साइट पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किया गया, जिसमें कन्वेयर संरचना जैसी ऊंची जगह से सुरक्षित रेस्क्यू प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

डेमोंस्ट्रेशन के दौरान प्रतिभागियों को दिखाया गया कि विशेष रेस्क्यू डिवाइस की सहायता से दुर्घटना की स्थिति में फंसे व्यक्ति को किस प्रकार सुरक्षित और तेजी से नीचे उतारा जा सकता है। इस अभ्यास में सेफ्टी हार्नेस, एंकर पॉइंट, लाइफलाइन सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि कंपनी में “सेफ्टी फर्स्ट” सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यस्थल पर शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रायोगिक प्रशिक्षण कर्मचारियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपात स्थिति से निपटने की तैयारी को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और ठेकेदार कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा सुरक्षा उपायों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सेफ्टी एवं एचआर विभाग के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण भविष्य में भी कार्यस्थल सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में जारी रहेगा।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










