
एसीबी की कार्रवाई: 10 लाख के बिल पास करने के नाम पर 1 लाख रिश्वत मांगने वाला एसडीओ 25 हजार लेते गिरफ्तार
क्राइम रिपोर्टर|बलौदा बाजार
बलौदा बाजार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Anti Corruption Bureau (एसीबी) ने पलारी जनपद पंचायत में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने करीब 10 लाख रुपये के बिल पास करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार, पलारी क्षेत्र के एक उप-सरपंच के पंचायत से जुड़े विकास कार्यों के लगभग 10 लाख रुपये के बिल जनपद पंचायत में लंबित थे। आरोप है कि इन बिलों को पास करने के बदले जनपद पंचायत में पदस्थ उप संभागीय अधिकारी (एसडीओ) गोपाल कृष्ण शर्मा ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लगातार हो रही मांग और दबाव से परेशान उप-सरपंच ने मामले की शिकायत एसीबी से की। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और ट्रैप बिछाया।
तय योजना के अनुसार गुरुवार को उप-सरपंच को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 25 हजार रुपये लेकर एसडीओ के पास भेजा गया। जैसे ही एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा ने पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें 👉 https://unfearnews.com/16344 खबर और विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें। व्हाट्सएप नंबर-7415341789
कार्रवाई के बाद एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। टीम द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी भी की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद जनपद पंचायत पलारी सहित पूरे विभाग में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, एसीबी की सख्त कार्रवाई से आम लोगों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
Author: UnfearNews
हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...










