
कांग्रेस में अध्यक्ष की कुर्सी पर मचा घमासान: संगठन सृजन में पहले दिन 13 दावेदार मैदान में, नाम गोपनीय, लेकिन सियासी जोड़तोड़ शुरू
कांग्रेस संगठन चुनाव ने जिले की राजनीति में जबरदस्त उबाल ला दिया है। जिला अध्यक्ष की कुर्सी के लिए मचा घमासान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। संगठन सृजन की पहली ही बैठक में 13 लोगों ने दावेदारी पेश की है, लेकिन सभी नामों पर गोपनीयता की चादर तनी हुई है। उधर, दावेदार पर्यवेक्षकों को रिझाने और अपने पक्ष में माहौल बनाने में पूरी ताकत झोंक चुके हैं।
पॉलिटिकल रिपोर्टर| बलौदा बाजार
कांग्रेस संगठन चुनाव ने जिले की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। जिले में जिला अध्यक्ष की कुर्सी के लिए मचा घमासान अब निर्णायक द्वारा में पहुंच गया है। मंगलवार को संगठन सृजन प्रभारी डॉ नवीन राउत बलौदा बाजार पहुंचे। उन्होंने यहां दावेदारों और कार्यकर्ताओं से गहन जानकारी ली। इस दौरान पीसीसी से जिले के लिए प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा, और राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के महामंत्री पूर्णचंद कोको पाढ़ी भी दावेदारों और कार्यकर्ताओं से संगठन सृजन पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि दावेदारों से उनका कांग्रेस में योगदान पूछा गया है। साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, जिले के वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस मोर्चा संगठन के पदाधिकारियों से राय ली गई है। बताया गया कि 13 लोगों ने पहले दिन दावेदारी पेश की है, जिनके नाम गोपनीय हैं।

बता दें कि बलौदा बाजार जिला अध्यक्ष कांग्रेस पद के लिए पहले दिन 13 लोगों ने दावेदारी पेश की है। संगठन सृजन करने पहुंची टीम दावेदारों के नाम को गोपनीय होना बताया, वहीं दूसरी ओर दावेदारी पेश करने वाले खुद को दावेदार सार्वजनिक रूप से घोषित कर रहे हैं। सूत्रों की माने तो दावेदारी पेश करने वालों में वर्तमान जिला अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे, पूर्व जिला अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, भाटापारा विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे सुनील माहेश्वरी, पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा, रमेश घृतलहरे, विमल साहू, आर्यन शुक्ला, पद्मेश्वरी साहू, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भाटापारा सुरेंद्र यदु, बसंत आडिल, संदीप पांडेय, प्रेमशिला नायक के नाम सार्वजनिक हो चुके हैं। वहीं दूसरे दिन और भी दावेदारों के नाम सामने आने की संभावना है।
बता दें कि संगठन सृजन के तहत नियुक्त पर्यवेक्षक डॉ. नवीन राउत, पीसीसी से जिले के लिए प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा और राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के महामंत्री पूर्णचंद्र कोको पाढ़ी के साथ मंगलवार को बलौदा बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने पहले कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में दावेदारी के लिए आवेदन आमंत्रित किया। इसके बाद सर्किट हाउस में मंगलवार की देर रात तक दावेदारों और कार्यकर्ताओं से उनके बायोडाटा लिया। साथ ही जिले की राजनीतिक की नब्ज टटोली है। दावेदारों से एक-एक कर मुलाकात करने के साथ ही समूह में भी उनकी सक्रियता और संगठन से जुड़ाव की जानकारी ली।
सर्किट हाउस में पूरे दिन और देर रात तक कांग्रेस जिला अध्यक्ष के लिए हो रहे संगठन सृजन के कारण गहमागहमी की स्थिति रही। दावेदार दलबल के साथ अपनी दावेदारी पेश करने पहुंचते रहे। पर्यवेक्षकों से मुलाकात करने का दौर देर रात तक चलता रहा।
कांग्रेस में अध्यक्ष की कुर्सी पर मचा घमासान अब यहां पहुंचेगा दल
इधर दूसरे दिन के जारी कार्यक्रम के मुताबिक संगठन सृजन में शामिल होने पहुंचे पर्यवेक्षकों का दल सुबह 9.30 बजे मीडिया से बात करेगा। इसके बाद सिमगा रवाना होगा, जहां संगठन से जुड़े लोगों से रायशुमारी करेगा, दोपहर में भाटापारा ग्रामीण और शहर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बात करेगा। भोजन के बाद कसडोल और अंत में लवन के कांग्रेस जन से मुलाकात कर कांग्रेस जिला अध्यक्ष के लिए पैनल तैयार करेगा। अभी दावा किया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष के दावेदारों की संख्या बढ़ सकती है।
हाइकमान को जाएगी रिपोर्ट
इधर संगठन सृजन प्रभारी डॉ नवीन राउत ने कहा कि उनकी टीम एक एक कार्यकर्ताओं से बात कर रायशुमारी करेगी। अगले कुछ दिनों तक उनकी टीम यहां रुकेगी और सभी से चर्चा के बाद अपनी रिपोर्ट कांग्रेस हाइकमान को भेजेगी। इधर दावेदार पूरे जोश में हैं, उनके तरफ से लगातार अपने कामों का बखान अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से कराया जा रहा है। इतना ही नहीं कई ऐसे भी दावेदार हैं जो मीडिया से भी अपने पक्ष में बात रखने के लिए लगातार संपर्क कर रहे हैं।
कुर्सी के लिए इनके बीच है टक्कर
बहरहाल मजबूत स्थिति की बात की जाए तो यह कहना इतना आसान नहीं होगा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष का ताज किसके सिर पर रखा जाएगा। कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक कांग्रेस का अगला जिला अध्यक्ष कौन होगा? यह सवाल घोषणा होने तक बरकरार रहने वाला है। क्योंकि कांग्रेस में यह घोषणा लिस्ट जारी होने के बाद ही हो पाता है। लेकिन कार्यकर्ताओं के अनुमान के मुताबिक मुख्य टक्कर में छह माह पहले ही पद संभाली वर्तमान जिला अध्यक्ष कांग्रेस सुमित्रा घृतलहरे को लेकर ज्यादा अनुमान हैं, इसके पीछे उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि की बात कही जा रही है। इनके नाम को अगर संगठन और हाइकमान किनारे करता है तो पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि रहे सुनील माहेश्वरी की दौड़ भी अहम मोड पर है, उनके साथ दौड़ में पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे, पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर के नाम के बीच जोरदार टक्कर है। हालांकि जानकारों का कहना है कि यह निर्णय करना सबकुछ जल्दबाजी होगा, क्योंकि निर्णय हाइकमान से होना है, यहां जो दम दिखा रहे हैं वे सिर्फ पैनल में अपना नाम जुड़वाने मात्र के लिए कर रहे हैं। क्योंकि नाम पैनल में जाने के बाद ही केंद्रीय संगठन और राज्य के पदाधिकारियों से उसके संबंध में रायशुमारी हो सकेगी। जिनका नाम पैनल में होगा निर्णय उनके संदर्भ में ही लिया जाएगा।
कोई भी बन सकता है जिला अध्यक्ष
कांग्रेस में कोई भी जिला अध्यक्ष बन सकता है, क्योंकि पार्टी ने स्पष्ट नहीं किया है कि दावेदारी कौन कर सकता है। इसके कारण दावा किया जा रहा है कि संगठन अगर दावेदारों के नाम को किनारे करता है तो अध्यक्ष कोई भी बन सकता है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पैनल से हटकर भी कई बार नाम सामने आते रहे हैं, खासकर विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया जा रहा है कि कांग्रेस में देखने को मिला है कि कांग्रेस पैनल से हटकर प्रत्याशी उतार देती है ऐसे आरोप कांग्रेस पर लगते रहे हैं। हालांकि जब संगठन को मजबूत करने के लिए बात हो रही है तो इस निर्णय में काफी सोच विचार के बाद ही अंतिम फैसला होने का अनुमान लगाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दिवाली के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद की घोषणा की जाएगी।
Author: Deependra Shukla
मैं पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ और वर्तमान में Unfearnews में संपादक (Editor) के रूप में कार्यरत हूँ। पत्रकारिता की बारीकियों को समझने और उसे निष्पक्ष व प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का मेरा विशेष अनुभव है। मैंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से 2012-14 में गोल्ड मेडल के साथ पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है। इसके बाद ETV, News18, Dainik Bhaskar, NDTV, AajTak जैसी देश की प्रतिष्ठित मीडिया संस्थाओं के साथ काम किया है। हमारा विजन: स्वतंत्र, निष्पक्ष और शोध-आधारित पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना और जनता तक सत्य, निष्पक्ष एवं गहन विश्लेषण के साथ समाचार पहुंचाना। 📩 संपर्क करें: ✉️[deependrashukla501@gmail.com] 🌐 [unfearnews.com] [LinkedIn https://www.linkedin.com/in/deependra-kumar-shukla-12532689?utm_source=share&utm_campaign=share_via&utm_content=profile&utm_medium=android_app] 📞 [9109341789]










