बिलासपुर। चलती ट्रेन से ट्रैक पर कूड़ा फेंकने वाले सफाईकर्मी का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी कर्मचारी कंचन लाल को नौकरी से निकाल दिया गया है, वहीं हाउसकीपिंग सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

सांकेतिक फोटो

रेलवे ने इस मामले की पूरी जांच के बाद पाया कि ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) कंपनी ने अनुबंध के नियमों का उल्लंघन किया है। प्रयागराज मंडल ने ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि भविष्य में इस तरह की गलती दोहराने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो वायरल होते ही गिरी गाज

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कर्मचारी कंचनलाल चलती ट्रेन से ट्रैक पर कचरा फेंकता नजर आया। इसके बाद रेलवे हरकत में आया और कंपनी से जवाब मांगा। कंपनी ने बताया कि 28 फरवरी को सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक स्पेशल (04115) ट्रेन में उसकी ड्यूटी थी, उसे स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कचरा ट्रैक पर न फेंके, लेकिन उसने लापरवाही बरती। इसी वजह से उसे नौकरी से हटा दिया गया है।

रेलवे का सख्त निर्देश

रेलवे ने सभी हाउसकीपिंग कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे अपने कर्मचारियों को चलती ट्रेन से कचरा न फेंकने और इधर-उधर गंदगी न फैलाने का प्रशिक्षण दें। साथ ही कचरा इकट्ठा करने के लिए बड़े बैग उपलब्ध कराएं, ताकि सारा कचरा नामांकित स्टेशन या गंतव्य स्टेशन के गार्बेज कलेक्शन पॉइंट में डंप किया जा सके।

क्यों जरूरी है यह सख्ती?

ट्रैक पर कचरा फेंकने से सफाई व्यवस्था बिगड़ती है और रेल परिचालन में भी बाधा आ सकती है। इसके अलावा, यह पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। रेलवे द्वारा की गई यह कार्रवाई अन्य कर्मचारियों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि सफाई नियमों का उल्लंघन करने पर अब कोई रियायत नहीं मिलेगी।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...