बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के ग्राम परसाभदेर में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने सुनसान जगह पर खड़े रहने को लेकर हुए विवाद में ताबड़तोड़ वार किए। सिटी कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया गया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू फ्लिपकार्ट से खरीदा गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने किया खुलासा।

बलौदा बाजार जिले के ग्राम परसाभदेर में 4 मार्च की रात ज्ञानेश मिश्रा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे, जिससे पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सिटी कोतवाली पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साइबर सेल की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि साहिल गेण्डरे और अमोन मारिस पीटर नाम के दो युवक वारदात के समय घटनास्थल के आसपास मौजूद थे। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपी मिशन परसाभदेर निवासी साहिल गेण्डरे और अमोन मारिस पीटर 3-4 मार्च की दरम्यानी रात परसाभदेर के शहीद चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान मृतक ज्ञानेश मिश्रा वहां पहुंचा और उनसे सुनसान जगह पर खड़े होने का कारण पूछने लगा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर साहिल गेण्डरे ने अपने पास रखे चाकू से ज्ञानेश मिश्रा पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपी साहिल गेण्डरे पर पहले से 5 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें मारपीट और हत्या के प्रयास के केस शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू फ्लिपकार्ट से दो साल पहले खरीदा गया था। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 5 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

UnfearNews
Author: UnfearNews

हम बनेंगे आपकी समस्या का आवाज बिना डरे, बिना भेदभाव किए...